scorecardresearch
 

'दुश्मन आए तो काम आएगी', ईरान जंग के बीच किम जोंग को बेलारूस के राष्ट्रपति ने गिफ्ट की बंदूक

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ईरान जंग के बीच दो दिवसीय दौरे पर उत्तर कोरिया पहुंचे. इस दौरान दोनों देशों के बीच मित्रता एवं सहयोग संधि पर हस्ताक्षर हुए. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गिफ्ट दिए, जिसमें लुकाशेंको ने किम को असॉल्ट राइफल और किम ने लुकाशेंको को तलवार भेंट की.

Advertisement
X
बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको ने किम को असॉल्ट राइफल गिफ्ट की है (Photo: X/Screengrab)
बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको ने किम को असॉल्ट राइफल गिफ्ट की है (Photo: X/Screengrab)

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर उत्तर कोरिया पहुंचे. गुरुवार को उन्होंने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से मुलाकात की और 'मित्रता एवं सहयोग संधि' पर हस्ताक्षर किए. इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गिफ्ट किए जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लुकाशेंको ने किम जोंग को असॉल्ट राइफल भेंट की और बदले में उत्तर कोरियाई नेता ने उन्हें तलवार गिफ्ट की. इस दौरान लुकाशेंको ने जो टिप्पणी की उसकी काफी चर्चा हो रही है और उसे ईरान युद्ध से जोड़कर देखा जा रहा है.

लुकाशेंको का अमेरिका के कट्टर दुश्मन किम जोंग उन से मिलना ऐसे वक्त में हो रहा है जब ईरान के खिलाफ अमेरिका ने इजरायल के साथ मिलकर युद्ध छेड़ रखा है. ईरान जंग के बीच किम कई बार अमेरिका पर निशाना साध चुके हैं. 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों नेता एक साथ एक कमरे में चलते दिख रहे हैं. इसके बाद किम लुकाशेंको को एक सजावटी फूलदान गिफ्ट करते हैं जिसपर लुकाशेंको की तस्वीर बनी हुई है. इसके साथ किम लुकाशेंको को एक तलवार भी गिफ्ट करते हैं.

बदले में लुकाशेंको किम को एक असॉल्ट राइफल गिफ्ट करते हैं. गिफ्ट मिलते ही किम खुश हो जाते हैं और उसे चलाने की प्रैक्टिस करते हैं. इस दौरान लुकाशेंको कहते हैं, 'दुश्मन आए तो काम आएगी.'
लुकाशेंको के इतना कहते ही किम खिलखिलाकर हंसने लगते हैं.

Advertisement

किम से मुलाकात को लेकर लुकाशेंको और क्या बोले?

दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पहुंचे लुकाशेंको ने उत्तर कोरिया के साथ हुए मैत्री समझौते पर कहा कि दोनों देशों के रिश्ते अब 'एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं.'

लुकाशेंको ने कहा, 'हां, हमारे बीच पहले करीबी सहयोग नहीं था, जिसका बड़ा कारण हमारी अपनी ही कमियां थीं. लेकिन मुझे खुशी है कि अब सहयोग में बहुत तेजी आई है.'

उन्होंने बिना अमेरिका का नाम लिए आगे कहा, 'आज के वैश्विक बदलाव के दौर में, जब बड़ी ताकतें खुले तौर पर अंतरराष्ट्रीय कानून की अनदेखी और उल्लंघन कर रही हैं, ऐसे में स्वतंत्र देशों के लिए जरूरी है कि वो अपनी संप्रभुता की रक्षा और नागरिकों के कल्याण के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करें.'

लुकाशेंको की प्रेस सेवा के अनुसार, किम जोंग उन ने बेलारूस के प्रति 'एकजुटता और पूर्ण समर्थन' जताया.

बेलारूस रूस का करीबी सहयोगी है. लुकाशेंको ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के दौरान बेलारूस की जमीन का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी. इसके अलावा, उन्होंने देश में रूसी टैक्टिकल परमाणु हथियारों की तैनाती को भी मंजूरी दी थी.

किम ने हाल के सालों में रूस के साथ अपने संबंधों को बढ़ाया है. उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन युद्ध का समर्थन करने के लिए हजारों सैनिक और बड़ी मात्रा में हथियार भेजे हैं. उन्होंने अपने देश को अमेरिका के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चे का हिस्सा बताया है. लुकाशेंको और किम की पिछली मुलाकात सितंबर 2025 में चीन में हुई थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement