scorecardresearch
 

'जो भी हमारे लिए खतरा होगा... उसे हर हाल में बनाएंगे निशाना', अफगानिस्तान की PAK को चेतावनी

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक बड़ी सैन्य कार्रवाई के तहत पाकिस्तान के भीतर घुसकर आईएसआईएस के ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए हैं. बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में हुई इस एयरस्ट्राइक के बाद अफगान सरकार ने कहा है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हर खतरे को निशाना बनाएंगे.

Advertisement
X
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में ISIS ठिकानों पर किए हमले. (photo: Reuters)
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में ISIS ठिकानों पर किए हमले. (photo: Reuters)

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में स्थित ISIS के ठिकानों पर सटीक और भीषण हवाई हमलों की पुष्टि की. मंत्रालय का कहना है कि पाकिस्तान के अंदर घुसकर किए गए इन हवाई हमलों में बलूचिस्तान के पिशिन जिले के सरनान इलाके, चित्राल की शाह सलीम घाटी और खैबर पख्तूनख्वा के कंबर खेल में बने आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है.

इस एयरस्ट्राइक के बाद अफगान रक्षा मंत्रालय ने इस्लामाबाद को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि जो भी स्थान उनकी सुरक्षा के लिए खतरा बनेगा, वो उसे हर हाल में निशाना बनाएंगे.

हमलों में कई ऑपरेटिव ढेर

तालिबान प्रशासन ने पुष्टि की है कि इन लक्षित ठिकानों का इस्तेमाल अफगानिस्तान के अंदर निर्दोष नागरिकों के खिलाफ हमलों को योजना बनाने और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था.

सूत्रों के अनुसार, बलूचिस्तान के सरनान इलाके में एक स्कूल को आईएसआईएस के सदस्यों और अराजकता फैलाने वाले समूहों द्वारा संयुक्त केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था. अफगान रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस हवाई कार्रवाई में कई आतंकवादी और अराजक तत्वों को ढेर कर दिया गया है.

दरअसल, इस सैन्य टकराव की शुरुआत तब हुई जब पूर्व में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों में भारी तबाही मची थी. अफगानिस्तान का कहना है कि ये रणनीतिक सैन्य कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा हाल ही में अफगान सीमा पर की गई बिना उकसावे की क्रॉस-बॉर्डर एयरस्ट्राइक के जवाब में की गई है, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत बड़े पैमाने पर नागरिकों की हताहत हुई थी.

Advertisement

28 अफगान नागरिकों की मौत

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) ने बताया था कि उन पाकिस्तानी हमलों में कम से कम 28 नागरिक मारे गए थे और 49 अन्य घायल हुए थे. भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने भी इस्लामाबाद की इस क्षेत्रीय आक्रामकता की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर हमला और क्षेत्रीय शांति के लिए सीधा खतरा करार दिया था.

भारत ने की पाकिस्तानी हमलों की निंदा

भारतीय विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा था कि ये हमला पाकिस्तान के लापरवाह व्यवहार और अपनी आंतरिक विफलताओं को सीमा पार हिंसा के जरिए बाहर थोपने के व्यर्थ प्रयास को दिखाता है. हालांकि, पाकिस्तान हमेशा से अपनी सुरक्षा कमियों का ठीकरा अफगानिस्तान पर फोड़ता रहा है, जिसे तालिबान ने पूरी तरह खारिज कर दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement