पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित बीजेपी सरकार के मंत्रिमंडल का पहला बड़ा विस्तार संपन्न हो गया है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में राज्यपाल आरएन रवि ने 35 विधायकों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस विस्तार के साथ ही राज्य मंत्रिमंडल के कुल मंत्रियों की संख्या अब छह से बढ़कर 41 हो गई है, जो कि 294 सदस्यीय विधानसभा में मंत्रियों की अधिकतम संख्या से महज तीन कम है.
राज्य के राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में नबान्न में आयोजित मंत्रिमंडल विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह में 13 कैबिनेट मंत्री, तीन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 राज्य मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की. समारोह में अर्जुन सिंह, तापस रॉय, शरदवत मुखर्जी, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय और शंकर घोष ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. इसके साथ ही बीजेपी विधायक दीपक बर्मन, मनोज उरांव और गौरी शंकर घोष ने भी शुभेंदु अधिकारी मंत्रिमंडल में नए मंत्रियों के तौर पर शपथ ग्रहण की.
इस प्रशासनिक और राजनीतिक विस्तार में राज्य के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किया गया है. बीजेपी के दिग्गज नेता स्वपन दासगुप्ता और दुध कुमार मोंडल ने भी लोक भवन में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में नए मंत्रियों के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली.
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में 3 MLA's ने संभाली कमान
शुभेंदु सरकार के इस नए मंत्रिमंडल में तीन विधायकों को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी दी गई है. बीजेपी विधायक राजेश महतो, इंद्रनील खान और मालती रावा रॉय ने शुभेंदु अधिकारी सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ग्रहण की है.
अशोक डिंडा-जॉयल मुर्मू समेत कई MLA's बने राज्य मंत्री
समारोह में जॉयल मुर्मू, पूर्व क्रिकेटर व विधायक अशोक डिंडा और आनंदमय बर्मन ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली. इनके अलावा बीजेपी विधायक शांतनु प्रमाणिक, पूर्णिमा चक्रवर्ती और उमेश राय को भी शुभेंदु अधिकारी कैबिनेट में राज्य मंत्री (MoS) के तौर पर शामिल किया गया है.
पश्चिम बंगाल सरकार का ये शपथ ग्रहण समारोह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के ठीक तीन हफ्ते बाद हुआ है. शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई को ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति में शपथ ली थी. उनके अलावा इस शपथ ग्रहण समारोह में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निशित प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडू मंत्री पद की शपथ ली थी.
सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश
वहीं, बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए बीजेपी ने सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को साधने की कोशिश की है. नए मंत्रिमंडल में ब्राह्मण, ओबीसी (OBC), आदिवासी, मतुआ और राजबंशी समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है.
आपको बता दें कि हाल में संपन्न हुआ बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर ममता बनर्जी की 15 साल पुरानी सत्ता को फेंका. बीजेपी ने 294 सीटों में से अकेले दम पर 200 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की.