
तृणमूल कांग्रेस की सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है. कोयल मल्लिक टॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री हैं. कोयल मल्लिक का इस्तीफा पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के लिए एक और झटका माना जा रहा है. बुधवार को पार्टी नेता मदन मित्रा ने भी ममता का साथी छोड़ दिया था और ऋतब्रत खेमे में चले गए थे. आज अब सांसद कोयल मल्लिक ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है.
कोयल मल्लिक का असली नाम रुक्मिणी मल्लिक है.वे एक प्रसिद्ध बंगाली अभिनेत्री हैं. वे मुख्य रूप से टॉलीवुड की "टॉली-क्वीन" के नाम से जानी जाती हैं.
राज्यसभा के चेयरमैन सीपी राधाकृष्णन को लिखे एक पत्र में कोयल मल्लिक ने कहा है कि वे अपने पद से इस्तीफा दे रही हैं. कृपया इसे स्वीकार किया जाए. उन्होंने राज्यसभा के सभी अधिकारियों और सदस्यों को धन्यवाद दिया है.
कोयल मल्लिक ने 6 अप्रैल को राज्यसभा के सांसद के तौर पर शपथ ली थी. आज यानी कि 16 जुलाई को 101 दिन बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है.

कोयल मल्लिक के इस्तीफे की वजह सामने नहीं आ पाई है, न ही उन्होंने राज्यसभा के चेयरमैन को भेजे पत्र में इस वजह का जिक्र किया है.
कोयल मल्लिक के इस्तीफे के साथ ही TMC के राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले सांसदों की संख्या 4 हो गई है. इससे पहले सुखेन्दु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा से इस्तीफा दिया था. अब इस सूची में कोएल मल्लिक का नाम भी जुड़ गया है. लेकिन उन्होंने अचानक यह फैसला क्यों लिया, इसकी कोई जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है.
गौरतलब है कि सुखेन्दु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे के बाद कोयल मल्लिक के इस्तीफे की खबर फैली थी. हालांकि बाद में पता चला कि यह खबर गलत थी. लेकिन बंगाल के राजनीतिक हलकों में उनके इस्तीफे की अटकलें जारी थीं. और अब कोयल मल्लिक ने राज्यसभा से इस्तीफा देकर इन अटकलों की पुष्टि कर दी है.
तृणमूल के राज्यसभा में अब तक 13 सदस्य थे. लेकिन 4 ने इस्तीफा दे दिया है. इसलिए अब सांसदों की संख्या 9 रह गई है.
यहां यह बताना जरूरी है कि सुखेन्दु शेखर, सुष्मिता और प्रकाश चिक बराइक जैसे नेताओं ने न केवल राज्यसभा से इस्तीफा दिया, बल्कि पार्टी के सभी पदों से भी इस्तीफा दे दिया. उन्होंने पार्टी के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया. इसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता स्वीकार कर ली. यहां तक कि तीनों ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा के लिए दोबारा नामांकन दाखिल किया है. बंगाल की राजनीति में चर्चा है कि कोयल भी इसी राह पर चल सकती हैं. क्योंकि इस्तीफा देने के बाद उन्हें दिल्ली में भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के घर पर देखा गया था. इससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं.