पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या को लेकर बड़ा आरोप लगाया है. गुरुवार को बारासात स्टेट जनरल अस्पताल में चंद्रनाथ के पोस्टमार्टम के बाद शुभेंदु अधिकारी ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा और इस हत्या को राजनीतिक प्रतिशोध का चरम बताया.
शुभेंदु ने आरोप लगाया कि चूंकि उन्होंने भवानीपुर और नंदीग्राम में ममता बनर्जी को शिकस्त दी है, इसीलिए उनके करीबियों को निशाना बनाया जा रहा है. मीडिया से बातचीत करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, 'अगर चंद्रनाथ मेरे पीए नहीं होते या मैंने ममता बनर्जी को राजनीतिक रूप से नहीं हराया होता, तो शायद उनकी हत्या नहीं होती. यही उनकी हत्या की वजह हो सकती है.'
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि चंद्रनाथ रथ को चार गोलियां मारी गई थीं. अधिकारी ने इसे पूरी तरह से सुनियोजित हत्या बताया और कहा कि रथ की किसी से निजी या राजनीतिक दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और परिवार की मांग है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए.
बता दें कि चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक, एक कार और बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, उसे रुकवाया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए. यह हमला उनके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुआ.
हमले के दौरान गाड़ी चला रहे चंद्रनाथ के ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गोली लगने से घायल हो गए. अस्पताल के अनुसार उनकी कई सर्जरी हुई हैं और उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है. जांच को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य के डीजीपी ने उन्हें जानकारी दी है कि वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर बरामद की गई है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंच सकती है.
उन्होंने कहा कि सीआईडी, फॉरेंसिक टीम और एसआईटी मिलकर जांच कर रही हैं और पुलिस सही दिशा में आगे बढ़ रही है. हालांकि, उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भी पुलिस ऐसे मामलों को सुलझाने में सक्षम थी, लेकिन उन्हें ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाती थी.