scorecardresearch
 

'आवेदन किया, फिर भी नहीं मिला पैसा', पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को नगरपालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि आवेदन करने के बावजूद उनके खातों में अब तक पैसे नहीं आए हैं. महिलाओं ने ऑनलाइन पोर्टल में गड़बड़ी और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं मिलने की शिकायत की.

Advertisement
X
योजना का लाभ नहीं मिलने पर प्रदर्शन करती महिलाएं. (Photo: Anil Giri/ITG)
योजना का लाभ नहीं मिलने पर प्रदर्शन करती महिलाएं. (Photo: Anil Giri/ITG)

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत आवेदन करने के बावजूद राशि नहीं मिलने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को पुरुलिया नगरपालिका कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. शहर के 23 वार्डों की बड़ी संख्या में महिलाएं नगर निगम पहुंचीं और योजना के लाभ से वंचित किए जाने का आरोप लगाया.

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने लगाया ये आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने एक-दो महीने पहले कभी ऑनलाइन तो कभी ऑफलाइन माध्यम से अन्नपूर्णा भंडार योजना के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक उनके खातों में राशि नहीं पहुंची है. उनका आरोप है कि ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन की स्थिति बार-बार बदल रही है, जबकि साइबर कैफे, नगर निगम और ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है.

महिलाओं का कहना है कि एक ही परिवार की कई महिला सदस्यों ने आवेदन किया था, लेकिन किसी के खाते में राशि आ गई है तो किसी को अब तक लाभ नहीं मिला. इससे कई परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि वे पात्र हैं तो उन्हें योजना का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है और आवेदन प्रक्रिया में आखिर कहां त्रुटि हो रही है.

Advertisement

महिलाओं ने नगरपालिका प्रशासन से की ये मांग
महिलाओं ने नगरपालिका प्रशासन से शीघ्र समाधान और पारदर्शिता की मांग की. उनका कहना है कि लंबे समय से लगातार प्रयास करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है. इस संबंध में पुरुलिया नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी तपस कुमार मंडल ने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के सभी आवेदनों का सत्यापन सरकार के निर्धारित नियमों के अनुसार किया जा रहा है.

 उन्होंने आश्वासन दिया कि जो भी पात्र लाभार्थी हैं, उन्हें योजना की राशि अवश्य मिलेगी. हालांकि, प्रदर्शनकारी महिलाओं के बीच अब भी यह आशंका बनी हुई है कि उन्हें योजना का लाभ कब मिलेगा. ऐसे में जिले की हजारों पात्र महिलाएं प्रशासन की ओर से जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठी हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement