scorecardresearch
 

'मां ने मेरे सामने दम तोड़ दिया...' कोलकाता भगदड़ में अपनों को खोकर बिलखते परिवार, बयां किया दर्द

कोलकाता के चोरबगान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी बारिश के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई. पीड़ित परिवार अपनों को खोने के बाद सदमे में हैं. किसी ने अपनी मां तो किसी ने अपनी बहन को खो दिया.

Advertisement
X
चोरबागान हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. (Photo- AFP)
चोरबागान हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. (Photo- AFP)

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान चोरबगान पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई. इस हादसे में 19 लोगों की जान चली गई, जिनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अपनों को खोने वाले लोगों के दिलों में एक ही सवाल गूंज रहा है- आखिर इस दर्दनाक हादसे की जिम्मेदारी कौन लेगा?

इस हादसे में अपनी मां को खोने वाले सोनू पाल गहरे सदमे में हैं. कुम्हरटौली के रहने वाले सोनू अपनी मां के साथ दुर्गा पूजा देखने गए थे, तभी अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई.

उस भयानक मंजर को याद करते हुए सोनू पाल ने बताया, 'बाहर तेज बारिश हो रही थी और कोई भी बाहर नहीं जाना चाहता था. जो लोग बारिश से बचने के लिए एंट्री पर खड़े थे, वो अंदर जाने के लिए लगातार धक्का-मुक्की कर रहे थे.'

(Photo- AFP)

'मेरी मां की मौत हो चुकी थी'

सोनू ने आगे कहा, 'भीड़ के दबाव को संभाल नहीं पाने के कारण अंदर मौजूद सभी लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े. मैं भी उस भीड़ के नीचे फंस गया था. मैंने किसी तरह खुद को संभाला और अपनी मां के पास गया, लेकिन तब तक मेरी मां की मौत हो चुकी थी.'

अस्पताल के बाहर अपनों की तलाश और शव लेने पहुंचे रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा. वो यही सवाल पूछ रहे थे कि इस तबाही की जिम्मेदारी किसकी है? एक पीड़ित के पड़ोसी सनी ने कहा, 'हम शव लेने तो आ जाएंगे, लेकिन इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? पुलिस और प्रशासन उस समय कहां था?'

Advertisement
(Photo- AFP)

'मेरी बहन अब इस दुनिया में नहीं'

इस हादसे में शुभम सोनकर ने अपनी लगभग 30 साल की बहन को खो दिया. वो परिवार के सदस्यों के साथ पंडाल घूमने गई थीं. अपनी बहन के साथ हुई आखिरी बातचीत को याद करते हुए शुभम ने कहा, 'वो आज हमारे बीच नहीं है. ग्रुप के बाकी लोग सुरक्षित बच गए, लेकिन मेरी बहन अब इस दुनिया में नहीं है. इस बात की जिम्मेदारी कौन लेगा?'

एक और रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि शहर के दूसरे पूजा पंडालों की तुलना में चोरबगान में भीड़ प्रबंधन बेहद खराब था. प्रभावित परिवार के पड़ोसी जॉन रहमान ने कहा कि आयोजक हों या प्रशासन, उन्हें इन सवालों के जवाब देने ही होंगे.

यह भी पढ़ें: 'थीम से ज्यादा कीमती इंसान की जिंदगी', CM शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पंडाल हादसे की जांच के दिए आदेश

हादसे में 19 की मौत, 25 घायल

बता दें कि शनिवार शाम कोलकाता में बारिश हो रही थी. इसी दौरान करीब 7:40 बजे गीरिश पार्क पुलिस स्टेशन के अंतर्गत चोरबगान इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल का एक हिस्सा ढह गया और भगदड़ मच गई. इस हादसे में 19 लोगों की मौत और 25 लोग घायल हो गए हैं. कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, मृतकों में 13 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement