यूपी में प्रशासनिक मशीनरी को और चुस्त-दुरुस्त बनाने की दिशा में योगी आदित्यनाथ सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 सीनियर आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस बदलाव में सचिव और विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है. इसके अलावा आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को भी बदल दिया गया है. जिन विभागों में बदलाव किया गया है, उनमें चिकित्सा शिक्षा, राजस्व, निबंधन, संस्कृति, खनन, राज्य आजीविका मिशन, बिजली वितरण और राज्य कर जैसे अहम विभाग शामिल हैं.
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए भी है क्योंकि कई ऐसे अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जो लंबे समय से महत्वपूर्ण विभागों में काम कर रहे थे. वहीं पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को भी नई तैनाती देकर सरकार ने जिलों और विभागों में नया संतुलन बनाने की कोशिश की है.
चिकित्सा शिक्षा और निबंधन विभाग में बड़ा बदलाव
सरकार ने चिकित्सा शिक्षा और निबंधन विभाग में अहम बदलाव किए हैं. डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से हटाकर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है. वहीं नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से हटाकर महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है. माना जा रहा है कि यह बदलाव स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा से जुड़े कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से किया गया है.
राजस्व, श्रम और संस्कृति विभाग में भी बदलाव
सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है. वहीं दीपा रंजन को उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन के मिशन निदेशक पद से हटाकर विशेष सचिव संस्कृति विभाग बनाया गया है. इसके साथ ही संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति के प्रभार से मुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि विशाल सिंह विशेष सचिव संस्कृति बने रहेंगे लेकिन उनसे निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है. अरुण कुमार को अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है. वहीं जे. रीभा को विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. संदीप भागिया को अपर आयुक्त राज्य कर से प्रबंध निदेशक, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम बनाया गया है. वहीं परीक्षित खटाना, जो आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी थे, उन्हें अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर नियुक्त किया गया है.
तीन जिलों के CDO बदले
योगी सरकार ने तीन महत्वपूर्ण जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों को भी बदल दिया है. राकेश कुमार पटेल को अपर आयुक्त लखनऊ मंडल से मुख्य विकास अधिकारी, आजमगढ़ बनाया गया. ओजस्वी राज को मुख्य विकास अधिकारी बलिया से हटाकर नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन नियुक्त किया गया. आलोक कुमार को मुख्य विकास अधिकारी, बलिया बनाया गया. अजय कुमार गौतम को मुख्य विकास अधिकारी इटावा से अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद प्रथम भेजा गया. संजय कुमार सिंह को एडीएम (प्रशासन) से मुख्य विकास अधिकारी, इटावा की जिम्मेदारी दी गई.
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
प्रतीक्षारत चल रहे मणिकंदन ए. को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद बनाया गया है. वहीं डॉ. वंदना वर्मा को संयुक्त प्रबंध निदेशक, राज्य चीनी निगम के साथ सहकारी चीनी मिल्स संघ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
UP IAS Transfer List: किस अधिकारी को कहां मिली नई तैनाती?
अधिकारी नई जिम्मेदारी
सुधा वर्मा श्रमायुक्त
डॉ. सारिका मोहन महानिरीक्षक निबंधन
नेहा शर्मा महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा
अरुण कुमार मिशन निदेशक, राज्य आजीविका मिशन
जे. रीभा विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म एवं अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार
दीपा रंजन विशेष सचिव संस्कृति
संजय कुमार प्रथम निदेशक संस्कृति (अतिरिक्त प्रभार)
विशाल सिंह विशेष सचिव संस्कृति
संदीप भागिया एमडी, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम
परीक्षित खटाना अपर आयुक्त राज्य कर, गौतमबुद्ध नगर
राकेश कुमार पटेल CDO आजमगढ़
ओजस्वी राज नगर आयुक्त, मथुरा-वृंदावन
आलोक कुमार CDO बलिया
अजय कुमार गौतम अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद
संजय कुमार सिंह CDO इटावा
मणिकंदन ए. अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त
डॉ. वंदना वर्मा संयुक्त एमडी राज्य चीनी निगम एवं अतिरिक्त प्रभार सहकारी चीनी मिल्स संघ