scorecardresearch
 

नई दुल्हन की साड़ी खींची, घर में घुसकर रिश्तेदारों ने सास- बहू से की मारपीट

भदोही में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब रिश्तेदारों ने घर में घुसकर महिला और उसकी नवविवाहित बहू से मारपीट की. आरोप है कि बहू के साथ अभद्रता भी की गई. एसपी के हस्तक्षेप के बाद केस दर्ज हुआ है, जबकि आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.

Advertisement
X
 घर में घुसकर रिश्तेदारों ने सास- बहू से की मारपीट (Photo: representational image)
घर में घुसकर रिश्तेदारों ने सास- बहू से की मारपीट (Photo: representational image)

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रिश्तों के बीच चल रहा पुराना विवाद उस समय हिंसक रूप ले बैठा, जब एक ही परिवार के कुछ लोगों ने घर में घुसकर महिला और उसकी नवविवाहित बहू पर हमला कर दिया. घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि बहू के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया.

यह घटना ऊंज थाना क्षेत्र के मीना बाजार इलाके की है. पुलिस के मुताबिक, बीते गुरुवार शाम को एक ही परिवार के पांच सदस्य कथित तौर पर अपने रिश्तेदार रमेश चंद्र बिंद के घर में घुस आए. आरोप है कि सावित्री, उसका बेटा अनुज और बेटियां आराधना, कंचन और आरती ने घर में मौजूद इसरावती देवी और उनकी बहू पुष्पा के साथ मारपीट की.

शिकायत के अनुसार, हमले के दौरान अनुज ने बहू के साथ अभद्रता करते हुए उसकी साड़ी खींची, जिससे वह दहशत में आ गई. अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों महिलाओं को आरोपियों से बचाया.

पीड़िता इसरावती देवी का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई. इसके बाद वह सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी से मिलीं और पूरे मामले की जानकारी दी. एसपी के निर्देश पर ही देर शाम पांचों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया.

Advertisement

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था, जो अब हिंसा में बदल गया. फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन वे फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच डर और नाराजगी का माहौल है. स्थानीय लोग ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

 
 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement