scorecardresearch
 

यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई, ISI से जुड़े दो संदिग्ध गिरफ्तार, हमले की साजिश नाकाम

उत्तर प्रदेश एटीएस ने दो संदिग्धों को गोरखपुर और बाराबंकी से गिरफ्तार कर बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया. दोनों पर अहम ठिकानों पर हमले की योजना का आरोप है. इनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए. शुरुआती जांच में इनके तार आईएसआई और पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े पाए गए. एटीएस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Advertisement
X
कृष्णा मिश्रा को गोरखपुर से और दानियाल अशरफ को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया. (Photo: Representational)
कृष्णा मिश्रा को गोरखपुर से और दानियाल अशरफ को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया. (Photo: Representational)

उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क की साजिश का खुलासा किया है. टीम ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर और आईएसआई से जुड़े तत्वों के संपर्क में थे. 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कृष्णा मिश्रा को गोरखपुर से और दानियाल अशरफ को बाराबंकी से गिरफ्तार किया गया. दोनों पर राज्य के अहम ठिकानों पर हमले की साजिश रचने का आरोप है.

एटीएस ने दोनों के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी और खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में थे.

सूत्रों के अनुसार, दोनों संदिग्धों को महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी. एटीएस अब इनके नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुट गई है.

अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है और कई अहम खुलासे होने की संभावना है.

Advertisement

गौरतलब है कि हाल में पंजाब के जालंधर और अमृतसर में सीमा सुरक्षा बल के ठिकानों के पास हुए दो अलग-अलग धमाकों में भी ISI के कनेक्शन की आशंका है. हाल में एक विस्फोट बीएसएफ मुख्यालय के बेहद नजदीक हुआ. हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन एहतियातन पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं.

खुफिया जानकारी के आधार पर संदेह जताया जा रहा है कि इन घटनाओं के पीछे खालिस्तान लिबरेशन आर्मी का हाथ हो सकता है, जिसे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन मिलने की आशंका है. सूत्रों के मुताबिक, इन हमलों में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की भूमिका भी जांच के दायरे में है, जो अक्सर खालिस्तानी नेटवर्क के साथ जुड़ा माना जाता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement