उत्तर प्रदेश के सीतापुर में पुलिस ने सनसनीखेज ‘परदेसी बाबा’ हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. हत्या के मुख्य आरोपी को आलाकत्ल यानी चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. आरोपी ने अपनी मां को लेकर तांत्रिक प्रभाव और अंधविश्वास के चलते इस वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है. मालूम हो कि पुलिस ने परदेसी बाबा हत्याकांड का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी नागेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है.
बता दें कि पुलिस के मुताबिक 13 मई को संदना थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की पहचान सत्यनारायण यादव उर्फ परदेसी बाबा के रूप में हुई थी. मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी नागेंद्र ने बताया कि उसकी मां पिछले करीब 17-18 वर्षों से परदेसी बाबा के संपर्क में थी.
आरोपी को शक था कि बाबा ने उसकी मां को अपने तांत्रिक प्रभाव में फंसा रखा है. इसी बात को लेकर आरोपी लंबे समय से परेशान था. पुलिस के मुताबिक करीब छह महीने पहले आरोपी का बाबा से विवाद भी हुआ था. आरोपी का कहना है कि बाबा ने उसकी मां को अपने प्रभाव से मुक्त न करने की बात कही थी. इसी नाराजगी में आरोपी ने 12 मई को चाकू से गला काटकर परदेसी बाबा की हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की. पुलिस के अनुसार उसने मृतक का आधार कार्ड, कपड़े और घटना के समय पहने अपने कपड़े तक जला दिए. इतना ही नहीं, मृतक का मोबाइल फोन भी शारदा नदी में फेंक दिया गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का नुकीला चाकू बरामद कर लिया है.
फिलहाल पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस घटना ने अंधविश्वास और तांत्रिक प्रभाव जैसे मुद्दों पर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.