scorecardresearch
 

संभल में भावुक हुए IPS केके बिश्नोई... विदाई समारोह के मंच पर छलके आंसू, DM ने पानी पिलाकर संभाला

संभल में 1 साल 11 महीने का कार्यकाल पूरा कर बिजनौर के लिए रवाना हुए IPS केके बिश्नोई की विदाई ने सबको भावुक कर दिया. समारोह में बोलते-बोलते उनकी आंखें भर आईं, तो पास बैठे DM अंकित खंडेलवाल ने उन्हें पानी पिलाकर संभाला और पुलिसकर्मियों ने सजी हुई गाड़ी को धक्का देकर सम्मान के साथ विदाई दी.

Advertisement
X
IPS केके बिश्नोई को याद आए 24 नवंबर की हिंसा के वो कठिन दिन.(Photo:ITG)
IPS केके बिश्नोई को याद आए 24 नवंबर की हिंसा के वो कठिन दिन.(Photo:ITG)

UP News: संभल के चर्चित पुलिस अधीक्षक (SP) केके बिश्नोई का तबादला बिजनौर जिले में कर दिया गया है. शनिवार को संभल में उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह बेहद भावुक क्षणों का गवाह बना. संबोधन के दौरान अपने कार्यकाल के अनुभवों को याद करते हुए IPS अफसर का गला भर आया और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े.  

मंच पर भाषण देते वक्त जब IPS विश्नोई भावुक हो गए, तो उनके बगल में बैठे संभल के जिलाधिकारी (DM) अंकित खंडेलवाल ने तुरंत उन्हें पानी पिलाकर संभाला. इस दौरान माहौल इतना भावुक था कि खुद जिलाधिकारी भी अपने आंसू नहीं रोक सके.

अपने संबोधन में आईपीएस केके बिश्नोई ने 24 नवंबर को संभल में हुई हिंसा की घटना को विशेष रूप से याद किया. उन्होंने विपरीत और तनावपूर्ण हालात में जान जोखिम में डालकर निष्ठापूर्वक ड्यूटी करने वाले सभी पुलिसकर्मियों का दिल से आभार व्यक्त किया.  देखें VIDEO- 

सजी हुई गाड़ी को धक्का देकर दी यादगार विदाई

समारोह के समापन पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों व कर्मचारियों ने परंपरा और सम्मान के साथ अपनी भावनाओं का इजहार किया. फूलों से सजी एसपी की आधिकारिक गाड़ी को सभी अधिकारियों और जवानों ने मिलकर धक्का दिया और उन्हें बिजनौर के लिए ससम्मान रवाना किया. देखें VIDEO- 

Advertisement


9 IPS अफसरों का फेरबदल

योगी सरकार की ओर से जारी तबादला सूची में 9 IPS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं. साल 2018 बैच के आईपीएस केके बिश्नोई को संभल एसपी पद से स्थानांतरित कर बिजनौर का एसएसपी बनाया गया है.

विकास चंद्र त्रिपाठी बने नए SP

IPS विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल जिले के नए पुलिस अधीक्षक (SP) की जिम्मेदारी सौंपी गई. वहीं, मेरठ में चर्चित थप्पड़ कांड के बाद सुर्खियों में आए अविनाश पांडेय का भी तबादला इस सूची में शामिल है. 

2018 बैच के IPS हैं केके बिश्नोई 

2018 बैच के आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई, जिन्हें केके बिश्नोई के नाम से जाना जाता है, मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं. वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं. संभल में तैनाती के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई है. उनके कार्यों और प्रशासनिक सूझबूझ के लिए उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी सम्मान मिल चुका है.

केके बिश्नोई को वर्ष 2024 में गोरखपुर से संभल भेजा गया था. संभल पहुंचने के बाद उन्होंने अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई करते हुए अपनी अलग कार्यशैली की छाप छोड़ी.

Advertisement

संभल हिंसा के दौरान 2 घंटे में संभाली थी स्थिति

24 नवंबर 2024 को संभल की जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी. इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में एसपी केके बिश्नोई ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला और करीब दो घंटे के भीतर हालात को नियंत्रण में करने में अहम भूमिका निभाई.

हिंसा के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की और मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. इसके अलावा बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान भी कई मामलों में कार्रवाई की गई, जिसका जिक्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में किया था.

100 करोड़ के बीमा घोटाले का किया खुलासा

संभल में तैनाती के दौरान केके बिश्नोई ने आर्थिक अपराधों और संगठित अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की. 100 करोड़ रुपये से अधिक के कथित बीमा घोटाले का पर्दाफाश करने के साथ ही 69 से ज्यादा माफियाओं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

संभल हिंसा से जुड़े शारिक साठा गैंग पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा और गैंग के प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया.

कई सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित

अपने कार्यकाल के दौरान उत्कृष्ट पुलिसिंग और वित्तीय अपराधों से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के लिए केके बिश्नोई को कई सम्मान मिल चुके हैं. उन्हें मुख्यमंत्री उत्कृष्टता सेवा पुलिस पदक (यूपी) और प्लेटिनम प्रशस्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

Advertisement

शुरू की नई जिंदगी की पारी

केके बिश्नोई ने 29 मार्च 2026 को आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा के साथ जोधपुर में शादी की. IPS अंशिका वर्मा भी पुलिस सेवा में अपनी कार्यशैली और चुनौतीपूर्ण मामलों में कार्रवाई के लिए जानी जाती हैं. अब यह दोनों आईपीएस अधिकारी अपनी निजी जिंदगी में भी एक नई पारी की शुरुआत कर चुके हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement