scorecardresearch
 

छेड़छाड़ का आरोप और फिर मौत! रायबरेली में 17 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या से मचा हड़कंप

रायबरेली के लालगंज थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने फैक्ट्री में काम करने वाले युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ASP संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

Advertisement
X
पुलिस जांच में जुटी.(Photo: Representational)
पुलिस जांच में जुटी.(Photo: Representational)

रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. घटना रेल डिब्बा कारखाने के पास स्थित एक सोसाइटी की है, जहां छात्रा अपने परिवार के साथ रहती थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक का माहौल है.

मृतका की पहचान अधीन के पुरवा निवासी संतोष सिंह की 17 वर्षीय बेटी प्रज्ञा के रूप में हुई है. संतोष सिंह अपने परिवार के साथ इसी क्षेत्र में रहते हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: रायबरेली में भीषण सड़क हादसा, 4 युवतियों की मौत, कई लड़कियां घायल

छेड़छाड़ के आरोप से जुड़ा मामला, परिजन और सूत्रों का दावा

सूत्रों के अनुसार, छात्रा के साथ पास स्थित रेल कोच फैक्ट्री के लिए पार्ट्स बनाने वाली एक कंपनी में काम करने वाले युवकों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद मामला बढ़ गया था और कंपनी के मालिक सुक्खू ने उसी फैक्ट्री में काम करने वाले छात्रा के पिता पर दबाव बनाया.

Advertisement

बताया जा रहा है कि इसी घटना से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया. हालांकि, पुलिस ने छेड़छाड़ की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है.

पुलिस जांच में जुटी, परिजनों से मांगी तहरीर

अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र से 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि एक लड़की फांसी के फंदे से लटक गई है. परिजनों ने दीवार तोड़कर शव को नीचे उतारा, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

उन्होंने बताया कि लड़की के पिता ने फैक्ट्री में काम करने वाले एक सहकर्मी पर कुछ आरोप लगाए हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. अधिकारियों ने परिजनों को सूचित किया है कि यदि वे तहरीर देते हैं, तो मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement