scorecardresearch
 

प्रयागराज में रेल हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत

प्रयागराज के करछना इलाके में ट्रेन हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. रेलवे के अनुसार पहले एक शव मिलने की सूचना पर ट्रेन रोकी गई थी, जिसके बाद दूसरी ट्रेन की चपेट में चार लोग आ गए. जीआरपी और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

Advertisement
X
ट्रेन हादसे में पांच लोगों की मौत (File Photo: ITG)
ट्रेन हादसे में पांच लोगों की मौत (File Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यमुनानगर जोन के करछना इलाके में एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है, जिसमें पांच लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर रेलवे तथा पुलिस प्रशासन की टीमें पहुंच गईं. सूचना मिलने के बाद जीआरपी और करछना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है. फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. हादसे को लेकर रेलवे प्रशासन ने प्रेस नोट जारी किया है, जिसमें पूरी घटना का विवरण दिया गया है. रेलवे के अनुसार यह घटना 15 अप्रैल 2026 को प्रयागराज मंडल के करछना–भीरपुर खंड के बीच हुई.

डाउन और अप ट्रेन के बीच हुई दर्दनाक घटना

प्रेस नोट के मुताबिक, गाड़ी संख्या 12312 (डाउन दिशा) के गार्ड और लोको पायलट ने शाम करीब 18:15 बजे किमी संख्या 801/24-22 पर डाउन मेन लाइन पर एक शव देखा और इसकी सूचना तुरंत दी गई. इसके बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई.

इसी दौरान गाड़ी संख्या 12801 (अप दिशा) पुरुषोत्तम एक्सप्रेस शाम लगभग 18:47 बजे उसी स्थान से गुजर रही थी. रेलवे के अनुसार, इसी दौरान चार व्यक्तियों के ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. रेलवे प्रशासन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सभी आवश्यक कदम उठाए गए और विधिक तथा प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. रेलवे और जीआरपी की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Advertisement

जीआरपी और रेलवे प्रशासन जांच में जुटा

फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है कि लोग ट्रैक पर कैसे पहुंचे और यह दुर्घटना कैसे हुई. पुलिस और रेलवे दोनों ही इस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं. इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है और रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement