उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बिजली विभाग के एक जेई का अनोखा विरोध सामने आया है. सस्पेंड किए जाने से नाराज जेई अभय कुमार टेलीफोन टॉवर पर चढ़ गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कर्मचारी उन्हें नीचे उतरने के लिए लगातार समझाते रहे.
जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है, जब लोगों ने देखा कि अभय कुमार लगभग 20 फीट ऊंचे टेलीफोन टॉवर पर चढ़े हुए हैं. नीचे खड़े साथी इंजीनियर और कर्मचारी उन्हें उतरने के लिए मान-मनौव्वल करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे.
बताया गया कि अभय कुमार गंगा पार डिवीजन के छिवैया फीडर पर तैनात हैं. इसी दौरान गंगा पार क्षेत्र में एक लाइनमैन ने एक बाहरी व्यक्ति को बिजली के पोल पर चढ़ा दिया था, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई थी.
सस्पेंशन से नाराज होकर किया विरोध
इस लापरवाही को देखते हुए सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर सौरभ गौतम ने जेई अभय कुमार को सस्पेंड कर दिया. सस्पेंशन से नाराज होकर उन्होंने टेलीफोन टॉवर पर चढ़कर विरोध जताया.
टॉवर पर चढ़े जेई ने अपना सस्पेंशन वापस लेने की मांग रखी और काफी देर तक वहीं डटे रहे. मौके पर मौजूद कर्मचारी लगातार उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे. काफी देर तक चली समझाइश के बाद अंततः उन्हें सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया गया.