scorecardresearch
 

'सपा-कांग्रेस की वजह से अधूरा रहा लक्ष्य', काशी में महिला आरक्षण बिल पर बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए विमेन रिजर्वेशन बिल को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर संसद में बिल रोकने का आरोप लगाया. उन्होंने महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया.

Advertisement
X
प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित किया. (Photo: ITG)
प्रधानमंत्री मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित किया. (Photo: ITG)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे. उन्होंने अपने दौरे के पहले दिन 6,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस मौके पर पीएम मोदी ने महिला सम्मेलन में भाग लिया. उन्होंने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर संसद से महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने देने का आरोप लगाया. 

पीएम मोदी ने कहा, 'काशी के सांसद के तौर पर, देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मुझे देशहित के एक बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए. और यह बड़ा लक्ष्य है, लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण को लागू करना. अभी कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया, लेकिन मैं आप सभी बहनों को फिर से भरोसा देता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू हो, इसमें कोई कोर कसर बाकी नहीं छोडूंगा.'

परिवारवादी दल नारी शक्ति से डरे

पीएम मोदी ने सपा, कांग्रेस, टीमएसी और डीएमके समेत संसद में हाल के संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करने वाले अन्य दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, 'असल में यह सारे परिवारवादी और तुष्टिकरण में डूबे दल नारी शक्ति से डरे हुए हैं. यह परिवारवादी दल देश की उन बेटियों को विधानसभा और संसद नहीं आने देना चाहते हैं, जो कॉलेज कैंपस से लेकर पंचायतों और स्थानीय निकायों तक अपने दम पर नेतृत्व दे रही हैं. ये जानते हैं कि अगर धरातल पर काम करने वाली बेटियां ऊपर आ गईं तो इनका नियंत्रण खत्म हो जाएगा. इनकी सत्ता पर सवाल खड़े हो जाएंगे. इसलिए जो परिवारवादी दल हैं वह संसद में हुए विरोध में सबसे आगे रहे हैं.'

Advertisement

उन्होंने कहा, 'नई संसद बनी तो पहला काम हमने बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ही किया. 40 वर्षों से बहनों का यह अधिकार लटका हुआ था, इसलिए 2023 में संसद में नारी शक्ति अधिनियम पारित करवाया. कानून बनने के बाद उसका लागू होना आवश्यक होता है, इसलिए पिछले दिनों संसद में इसको लेकर चर्चा की गई. संविधान में संशोधन को लेकर हम कानून लेकर आए. यह संशोधन ऐसा था जिसके बाद ज्यादा संख्या में बहनें विधानसभा और लोकसभा में पहुंच पातीं, लेकिन कांग्रेस, सपा, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियों ने एक बार फिर देश की महिलाओं को धोखा दिया. ऐसे दलों ने 40 सालों से रोक लगाई हुई थी और फिर इसे लाल झंडी दिखा दी.'

तीन करोड़ बहनें बनीं लखपति दीदी 

पीएम मोदी ने कहा, 'हमारी सरकार की नीतियों में निरंतर महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. 2014 में आपने हमें सेवा का अवसर दिया तो देश में 12 करोड़ से ज्यादा शौचालय बने. 30 करोड़ से ज्यादा बहनों के बैंक खाते खुले. 2.5 करोड़ से ज्यादा घरों में बिजली का कनेक्शन दिया गया. 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया. यानी अनेक बड़ी योजनाओं के केंद्र में बहनों-बेटियों को रखा गया. सुविधा और सुरक्षा का विश्वास देने के साथ-साथ हमने बहनों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया है. बीते 11 वर्षों में देश की करीब 10 करोड़ बहनें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, इन समूहों को लाखों रुपये की मदद मिल रही है, जिससे बहनें अपना काम कर रही हैं. ऐसे ही प्रयासों से 3 करोड़ बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं.'

Advertisement

नारीशक्ति विकसित भारत की स्तंभ

प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को विकसित बनाने का मिशन अनवरत चल रहा है और जब मैं विकसित भारत की बात करता हूं, तो उसका सबसे मजबूत स्तंभ भारत की नारीशक्ति है. उन्होंने कहा कि आज का यह अवसर नारी शक्ति के वंदन और विकास का उत्सव तो है ही, थोड़ी देर पहले यहां हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है. इसमें विकास से जुड़ी हर प्रकार की परियोजनाएं हैं. साथ ही काशी और अयोध्या की कनेक्टिविटी बढ़ाने वाले काम भी हैं. उन्होंने कहा कि कुछ देर पहले दो अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई गई है, काशी से पुणे और अयोध्या से मुंबई. ये दोनों अमृत भारत ट्रेनें यूपी और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाएंगी. अब मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र के लोगों को अयोध्या धाम और काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने का एक और आधुनिक विकल्प मिल गया है. मैं इस शुभारंभ के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं.

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने 1,050 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 से ज्यादा परियोजनाओं का लोकार्पण किया. इनमें वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा और कादीपुर में नए रेल ओवरब्रिज, भगवनपुर में 55 एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट शामिल हैं. इसके साथ ही जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण पेयजल योजनाएं, चंद्रावती घाट का पुनर्विकास और सारनाथ के आसपास पर्यटन परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया.

Advertisement

प्रधानमंत्री ने 5,300 करोड़ रुपये की लागत वाली 112 से अधिक परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया. इनमें अमृत 2.0 के तहत सीवरेज और जल आपूर्ति योजनाएं, 500 बेड का सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल, क्रिटिकल केयर ब्लॉक, मार्केट कॉम्प्लेक्स और अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, नमो घाट जैसे प्रमुख घाटों का पुनर्विकास शामिल है. इसके अलावा प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने वाली परियोजनाएं और सामाजिक कल्याण से जुड़ी सुविधाएं, जैसे चाइल्ड शेल्टर होम, भी इस योजना का हिस्सा हैं.

PM करेंगे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने वाराणसी जंक्शन और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के बीच अतिरिक्त रेलवे लाइनों की आधारशिला रखी. साथ ही गंगा नदी पर रेल-कम-रोड ब्रिज के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया. पीएम मोदी 29 अप्रैल को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और इसके बाद हरदोई जाकर गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. करीब 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बना 594 किलोमीटर लंबा यह ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पश्चिमी यूपी के मेरठ से शुरू होकर, पूर्वी यूपी के प्रयागराज को जोड़ेगा. इस एक्सप्रेसवे के बनने से मेरठ से प्रयागराज की यात्रा का समय अब 10-12 घंटे से घटकर करीब 6 घंटे रह जाएगा. भविष्य में इसे वाराणसी तक बढ़ाया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement