राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सोमवार को अपने पूरे परिवार के साथ पटना से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे.
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद यादव अपने पोते इराज के पहले जन्मदिन समारोह में शामिल होने दिल्ली जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 27 तारीख को यह समारोह बेहद भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा.
इस खास मौके पर देश की राजनीति के कई बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है. सूत्रों की मानें तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े चेहरे समारोह में शामिल हो सकते हैं.
राजनीतिक गलियारों में इस आयोजन को सिर्फ पारिवारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आरजेडी के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है. इराज का यह पहला जन्मदिन है, ऐसे में यादव परिवार इसे यादगार बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है.
वहीं, पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हरे गमछे को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के मन में विपक्ष के प्रति नफरत भरी हुई है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार मुद्दों से भटक चुकी है और जनता के असली सवालों पर बात करने के बजाय बेवजह के मुद्दे उठाए जा रहे हैं.
तेजस्वी बोले- CM के मन में नफरत भरी है
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा, ''सम्राट चौधरी जी ने हरे गमछे को लेकर जो बयान दिया है, उससे हमें शर्म आती है. बिहार का मुख्यमंत्री अगर इस तरह की सोच रखता है, तो समझिए उनके मन में कितनी नफरत है. इस सरकार से कुछ होने वाला नहीं है, इसलिए ये लोग बिना मुद्दे की बातें करते हैं.'' (रिपोर्ट: शुभम लाल)