नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी में होली सेलिब्रेशन के बीच उस समय सनसनी फैल गई, जब रंगों के त्योहार के बीच एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र का है, जहां शुरुआती जांच में प्रेम संबंधों से जुड़ा विवाद इस वारदात की मुख्य वजह माना जा रहा है.
मृतक की पहचान 39 वर्षीय साहिल सिंघल के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि साहिल पहले से शादीशुदा था और पिछले करीब चार वर्षों से उसका एक अन्य महिला के साथ अफेयर चल रहा था. होली के मौके पर वही महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने आई थी. सोसाइटी में उनकी एंट्री खुद साहिल ने ही करवाई थी.
परिसर में मुलाकात के दौरान किसी बात को लेकर साहिल और महिला के भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर महिला के एक भाई ने साहिल पर गोली चला दी. गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और होली का जश्न मातम में बदल गया.
घायल हालत में साहिल को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने एक्शन लेते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. साथ ही मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश और संबंधों के विवाद से जुड़ा लग रहा है. हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.