scorecardresearch
 

आंधी का तांडव: फिरोजाबाद में ई-रिक्शा पर 'काल' बनकर गिरा नीम का पेड़, 5 मौतें, मची चीख-पुकार

यूपी के फिरोजाबाद में तेज आंधी-बारिश के दौरान ई-रिक्शा और बाइक पर विशाल नीम का पेड़ गिरने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और तीन घायल हो गए. ग्रामीणों ने कटर से पेड़ काटकर राहत कार्य चलाया. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.

Advertisement
X
फिरोजाबाद में पेड़ गिरने से बड़ा हादसा (Photo- Screengrab)
फिरोजाबाद में पेड़ गिरने से बड़ा हादसा (Photo- Screengrab)

यूपी के फिरोजाबाद में मौसम का कहर देखने को मिला. यहां तेज आंधी के बीच एक ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिर गया. इस हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. साथ ही 3 लोग घायल हो गए. परिजनों में मातम पसरा हुआ है. वहीं, प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत निधि से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है. 

आपको बता दें कि ये हादसा फरिहा थाना क्षेत्र के चिढ़रई गांव के पास हुआ है. आंधी-तूफान के चलते नीम का पेड़ जड़ समेत उखड़ा और ई-रिक्शा और बाइक के ऊपर जा गिरा. इसमें पांच लोगों की जान चली गई. महिला और बच्चा समेत तीन लोग घायल हैं. हादसे के बाद ग्रामीणों ने कटर से पेड़ काटकर राहत अभियान चलाया. 

दरअसल, फरिहा थाना इलाके में सोमवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान चिढ़रई गांव के पास बड़ा हादसा हो गया. जड़ समेत उखड़ा विशाल नीम का पेड़ सवारियों से भरे ई-रिक्शा पर गिर गया. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई. पेड़ की चपेट में एक बाइक भी आ गई. हादसे के बाद मार्ग पर घंटों जाम लगा रहा. 

घटना शाम करीब साढ़े छह बजे की है. फरिहा से चिढ़रई की ओर जा रहा ई-रिक्शा सात सवारियों को लेकर जा रहा था. तभी तेज आंधी और बारिश के बीच सड़क किनारे खड़ा विशाल नीम का पेड़ जड़ समेत उखड़कर ई-रिक्शा पर गिर पड़ा.  पेड़ की चपेट में एक बाइक भी आ गई.  हादसे के बाद ई-रिक्शा पूरी तरह पेड़ के नीचे दब गया और मौके पर अफरातफरी मच गई. 

Advertisement

सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे.  पेड़ काफी बड़ा होने के कारण लोगों ने कटर मंगाकर उसकी शाखाएं काटीं और घंटों की मशक्कत के बाद ई-रिक्शा में फंसे लोगों को बाहर निकाला.  घायल महिला और बच्चे को तत्काल अवागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया.  पुलिस ने मृतकों और घायलों को अस्पताल भिजवाया. 

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया. जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत निधि से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी.  घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई गई है. 

मृतकों की जानकारी 

हादसे में नगला फतेह निवासी हरेश पाल (50) पुत्र साठी, निवासी ईखू,. विष्णु (16) पुत्र रामप्रकाश, बटोलर निवासी. गजेंद्र (28) पुत्र ऐदल, एटा जिले के सकरौली क्षेत्र के नगला मंदा निवासी, अमन (17) पुत्र दिनेश तथा अवागढ़ के आनंदपुर निवासी गंगा सिंह (65) पुत्र बेचाराम की मौत हो गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement