यूपी के मेरठ में एक सनसीखेज मामला सामने आया है जहां दहेज के लिए एक विवाहिता को तेजाब पिलाने का आरोप उसके पति पर लगा है. इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. शिकायत के बाद पुलिस ने पति सहित 6 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है. मामला इलाके में चर्चा का विषय है.
आपको बता दें कि ये मामला थाना लोहियानगर के फतलहपुर का है. दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर एक विवाहिता को तेजाब पिलाने का आरोप है. बुधवार शाम को महिला को गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. गुरुवार शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पति सहित 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
दरअसल, मेरठ के थाना परीक्षितगढ़ के ग्राम अमर सिंहपुर निवासी रईस ने अपनी बेटी मुस्कान की शादी 19 फरवरी 2025 को फतलहपुर निवासी नासिर के साथ की थी. मुस्कान के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में खर्च भी किया लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं हुआ. मृतका के परिजनों का आरोप है की शादी के बाद भी पति नासिर और उसके परिजन लगातार बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की अंगूठी की मांग करते रहे. मांग पूरी न होने पर मुस्कान को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. कई बार समझौता का प्रयास किया लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला.
वहीं, मुस्कान के परिजनों ने बताया कि 1 जुलाई की शाम को उन्हें सूचना मिली की मुस्कान को टॉयलेट साफ करने वाला तेजाब पिला दिया गया है. सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में मुस्कान को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. गुरुवार शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मुस्कान के परिजनों ने पति नासिर और उसके परिजनों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी. जिस पर पति सहित 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं. पुलिस का कहना है कि जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.