उत्तर प्रदेश में मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र में लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में तैनात नर्स की हत्या कर दी गई. हत्या को आत्महत्या दर्शाने का भी प्रयास किया गया. मृतक नर्स को एक महिला मेडिकल इमरजेंसी में बहाने से छोड़कर फरार हो गई. पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. परिवार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी युवक अभी फरार बताया जा रहा है.
नर्स को इमरजेंसी में छोड़कर फरार
दरअसल थाना मेडिकल क्षेत्र के जागृत विहार सेक्टर 3 में रहने वाली अंजली शर्मा लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज में नर्स के पद में तैनात थी. बताया जा रहा है कि वह सुबह ड्यूटी करने के लिए घर से निकली थी और काम पर नहीं पहुंची. 1:00 बजे के आसपास एक महिला उसको ई-रिक्शा में डालकर लाई और इमरजेंसी में छोड़कर फरार हो गई. अंजलि को बेसुध अवस्था में उसके कलीग कर्मचारियों ने देखा तो उसे पहचान लिया और तुरंत ही उसे अंदर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया.
कुछ ही घंटों में मां बेटी गिरफ्तार
सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस पहुंची और मेडिकल कॉलेज में लगे सभी सीसीटीवी की जांच की. घटना की सूचना नर्स के परिजनों को दी गई तो परिजन भी वहां पहुंच गए. सीसीटीवी कैमरे में दिख रही महिला की तलाश की गई. कुछ ही घंटे में पुलिस में उसे और उसकी मां को हिरासत में ले लिया. महिला का नाम साजिदा बताया जा रहा है. इस मामले में साजिदा के भाई सुफियान का नाम भी सामने आया है. लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है.
शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि सुफियान अंजली शर्मा के संपर्क में था. सुफियान ने अंजली शर्मा को प्रेम जाल में फंसा लिया था और उसपर धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दबाव बना रहा था. लेकिन अंजली इसके लिए तैयार नहीं थी. आशंका है कि अंजलि का गला घोंटकर हत्या की गई और फिर उसे आत्महत्या दर्शाने के लिए उसको मेडिकल इमरजेंसी के बाहर छोड़ दिया गया.
अंजली का धर्म बदलना चाहता था सूफियान
बताया जा रहा है कि अंजलि की 2018 में शादी हुई थी और उसका एक 4 साल का बेटा भी है . लेकिन शादी के बाद अंजलि और उसके पति सनी के बीच विवाद रहने लगा. इसी के चलते अंजलि अपने घर वापस आ गई और अपने घर में रहकर ही वह मेडिकल कॉलेज में नर्स की जॉब कर रही थी. यहीं पर सुफियान से अंजलि की मुलाकात हुई थी.
बताया जा रहा है कि सूफियाना अंजलि शर्मा पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था . इसी विवाद के चलते सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर लोहिया नगर इलाके में अंजली का गला घोटकर हत्या कर दी थी. हत्या के बाद साजिदा एक ई रिक्शा में अंजलि को लादकर मेडिकल कॉलेज पहुंची और वहां उसे छोड़कर फरार हो गई. हालांकि, पुलिस ने अभी दो महिलाओं को हिरासत में लिया है लेकिन अभी कोई आधिकारिक बयान इस मामले में सामने नहीं आया है.