scorecardresearch
 

ललितपुर: बहनोई के कागजात पर पति ने की डॉक्टरी, अब ननद की डिग्री पर क्लीनिक चलाने वाली इनामी पत्नी भी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में फर्जी दस्तावेजों के सहारे डॉक्टरी करने वाले पति-पत्नी के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है. बहनोई की डिग्री पर जिला मेडिकल कॉलेज में कॉर्डियोलॉजिस्ट बने पति की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी 25 हजार की इनामी पत्नी को भी पुलिस ने ननद की डिग्री पर फर्जी डॉक्टरी करने के आरोप में जेल भेज दिया है.

Advertisement
X
ललितपुर में फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार (Photo- ITG)
ललितपुर में फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: ललितपुर पुलिस ने अपने बहनोई के दस्तावेजों के आधार पर जिला मेडिकल कॉलेज में कॉर्डियोलॉजिस्ट बनकर तीन साल तक नौकरी करने वाले फर्जी डॉक्टर अभिनव सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अब इस मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने अभिनव की पत्नी लवीना सिंह को भी अपनी ननद की मेडिकल डिग्री पर फर्जी तरीके से मध्यप्रदेश के बीना में डॉक्टर बनकर नौकरी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. फरार होने के कारण ललितपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा लवीना पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे अब पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है.

ननद के दस्तावेजों से तैयार की फर्जी डिग्री

पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी अभिनव सिंह जहां अमेरिका में रहने वाले अपने बहनोई डॉ. राजीव गुप्ता की एमबीबीएस और एमडी की डिग्री और पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर रहा था, वहीं उसकी पत्नी लवीना ने भी अपनी ननद डॉ. दीपाली के मेडिकल दस्तावेजों को हासिल कर लिया था. लवीना ने उन असली कागजातों से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उनके दम पर मध्यप्रदेश के बीना में एक चिकित्सक के रूप में नौकरी हासिल कर ली.

फर्जी डॉक्टरी की कमाई से खरीदे मकान और महंगी गाड़ियां

इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद जब पुलिस ने लवीना के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की, तो वह मौके से फरार हो गई थी, जिसके बाद उस पर इनाम रखा गया था. 

पुलिस के मुताबिक, इस जालसाज पति-पत्नी ने विभिन्न स्थानों पर फर्जी मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर नौकरियां कीं और अवैध रूप से भारी धनराशि अर्जित की. इस काली कमाई से दोनों ने अपने ऐशोआराम के साधन जुटाए, जमीनें और मकान खरीदे तथा महंगी गाड़ियां भी खड़ी कर ली. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement