उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पूर्व प्रधान मनोज कुमार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता रोशन लाल को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. जांच में सामने आया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और वर्चस्व की लड़ाई के चलते रोशन लाल ने सुपारी देकर इस हत्या की साजिश रची थी. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं.
यह भी पढ़ें: कौशांबी: तेज रफ्तार बाइक, 5 सवारी और रीलबाजी... ट्रैक्टर से टक्कर के बाद उड़ गए परखच्चे, 4 की मौत
दरअसल, यह सनसनीखेज वारदात संदीपनघाट थाना क्षेत्र के आलमचंद्र गांव की है. 4 मई की सुबह पूर्व प्रधान मनोज कुमार पर उस समय ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गई थीं, जब वह टहलने निकले थे. गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अगले दिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और साइबर टीमों का गठन कर जांच तेज की गई.
पहले हो चुकी थीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों सुलखान सिंह और नीरज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. वहीं, एक अन्य आरोपी सूरज कुमार प्रतापगढ़ कोर्ट में सरेंडर कर जेल जा चुका है. पुलिस लगातार मामले के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही थी.

इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पट्टी नरवर निवासी रोशन लाल पुत्र सुकरू पासी को मलाक मोईउद्दीनपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई. पूछताछ में रोशन लाल ने हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार की.
सुपारी देकर कराई हत्या, तमंचा और बाइक कराई उपलब्ध
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने राजनीतिक दुश्मनी के चलते सूरज कुमार को पैसे देकर हत्या की सुपारी दी थी. वारदात को अंजाम देने के लिए तमंचा और बाइक भी उपलब्ध कराई गई थी.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 11 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है. फिलहाल, आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.