कानपुर के जाजमऊ इलाके में शनिवार सुबह एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने पीछे से एक स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे नगर निगम के एक रिटायर्ड कर्मचारी और उनकी पत्नी की मौत हो गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.
पूजा करने मंदिर जा रहा था दंपति
मृतकों की पहचान कानपुर नगर निगम के रिटायर्ड सफ़ाई सुपरवाइज़र लक्ष्मीकांत शर्मा (62) और उनकी पत्नी आशा शर्मा उर्फ़ कृष्णा (60) के तौर पर हुई है. वे अहिरवां के सीताराम नगर के रहने वाले थे. पुलिस के मुताबिक यह जोड़ा पूजा करने के लिए सिद्धनाथ मंदिर जा रहा था, तभी सुबह करीब 10 बजे जाजमऊ में सोलंकी धर्मकांटा के पास यह हादसा हुआ.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर गए और ट्रक उनके ऊपर से गुज़र गया. दोनों को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
लोगों ने पकड़कर ट्रक ड्राइवर को पीटा
स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा किया और दुर्घटना स्थल से कुछ दूरी पर उसे रोक लिया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सौंपे जाने से पहले गुस्साई भीड़ ने कथित तौर पर ड्राइवर के साथ मारपीट की.
डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस (ईस्ट) सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है. उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच चल रही है. दंपति के दो बेटे हैं. उनके बेटे अमन शर्मा ने बताया कि उनके पिता नगर निगम से सफ़ाई सुपरवाइज़र के पद से रिटायर हुए थे.