scorecardresearch
 

कानपुर: मोतीझील में मिली 14 साल के किशोर की लाश, एक दिन पहले हुआ था लापता

कानपुर के मोतीझील कारगिल पार्क में मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों को झील में 14 साल के किशोर की लाश नजर आई. आनन-फानन में लोगों ने सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जायजा लिया. किशोर एक दिन पहले घर से लापता हो गया था. अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
X
कानपुर में मोतीझील में मिली किशोर की लाश. (Photo: ITG)
कानपुर में मोतीझील में मिली किशोर की लाश. (Photo: ITG)

कानपुर के मोतीझील पार्क में उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे लोगों ने झील में एक किशोर की लाश देखी. यह दृश्य देखते ही लोगों के होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मामला स्वरूप नगर थाना क्षेत्र स्थित कारगिल पार्क का है, जहां आमतौर पर सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने और बोटिंग के लिए पहुंचते हैं.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नाव की मदद से झील के बीच से शव को बाहर निकाला गया. इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जांच में मृतक की पहचान बिठूर के रहने वाले बाबू सिंह के 14 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, किशोर 24 मार्च को घर से लापता हो गया था, जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी. अब उसकी लाश मोतीझील में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है.

kanpur motijheel lake 14 year old boy body found

पुलिस के अनुसार, शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, यह अब भी बड़ा सवाल बना हुआ है कि किशोर झील तक कैसे पहुंचा. मोतीझील पार्क में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहते हैं. पार्क रात में बंद कर दिया जाता है और वहां सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहते हैं. इसके अलावा झील में बोटिंग के लिए नाविक भी मौजूद रहते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: MP: इकलौती बेटी ने घर में लगाई फांसी, कमरे में लटका मिला शव, B.sc छात्रा के मौत से सदमे में परिवार

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इतनी सुरक्षा के बावजूद किशोर झील तक कैसे पहुंचा और पानी में कैसे गिरा. यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह खुद वहां पहुंचा या किसी अन्य तरीके से उसकी बॉडी झील में आई. इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

kanpur motijheel lake 14 year old boy body found

इस मामले में एडीसीपी सेंट्रल अर्चना सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है. पार्क में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उनकी भी जांच की जाएगी. इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत कैसे हुई. प्रथम दृष्टया तो डूबने की बात सामने आ रही है, लेकिन बच्चा वहां पहुंचा कैसे, यह जांच का विषय है. पुलिस के मुताबिक, बच्चा कुछ मानसिक रूप से परेशान भी था.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement