UP News: कानपुर के हर्ष नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है. वाहन मालिक चरन सिंह का कहना है कि उनकी कार की टंकी की क्षमता 45 लीटर है, लेकिन पेट्रोल पंप पर उसमें 52 लीटर से अधिक पेट्रोल भर दिया गया. मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं.
चरन सिंह के अनुसार, उन्होंने हाल ही में नई कार खरीदी थी. वाहन कंपनी की ओर से पहले से ही टंकी में करीब 5 लीटर पेट्रोल मौजूद था. इसके बावजूद पेट्रोल पंप पर 52 लीटर पेट्रोल भरने की रसीद दी गई. यह देखकर उन्हें हैरानी हुई, क्योंकि वाहन की कुल टंकी क्षमता 45 लीटर बताई गई है.
गाड़ी मालिक का कहना है कि यदि टंकी की क्षमता 45 लीटर है और उसमें पहले से पेट्रोल भी मौजूद था, तो 52 लीटर से अधिक पेट्रोल भरना संभव नहीं होना चाहिए. इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की और मामले की जांच की मांग की.
चरन सिंह ने बताया कि उन्होंने पेट्रोल पंप वाले को गाड़ी फुल करने के लिए कहा, पेट्रोल पंप वालों ने पहले 41 लीटर पेट्रोल डाला और यह कहा कि ज्यादा पेट्रोल दो बार में डालते हैं, जिसके बाद 11 लीटर और पेट्रोल डाला. फिर उन्होंने कार कंपनी के आदमी को पेट्रोल पंप बुलाया, जिसने बताया कि गाड़ी 45 लीटर की है. इसमें इतना पेट्रोल आ ही नहीं सकता. इसके बाद पेट्रोल पंप मालिक से शिकायत की गई तो वह अपनी सफाई या देने लगा. देखें VIDEO:-
मामले के सामने आने के बाद उपभोक्ताओं में भी नाराजगी देखने को मिल रही है. पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच ऐसे मामलों ने ग्राहकों के भरोसे पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
चरन सिंह ने आरोप लगाया है कि पेट्रोल पंपों पर होने वाली इस तरह की गड़बड़ियों में अधिकारियों की मिलीभगत से पूरा खेल चल रहा है. शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है.