
यूपी के गाजीपुर में हुए कमलेश बिंद के एनकाउंटर पर परिजनों ने सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा है कि विनीत राय हत्याकांड में कमलेश का कोई हाथ नहीं, उसे फर्जी तरीके से एनकाउंटर में मार गिराया गया. कमलेश की शादी बीती 27 अप्रैल को हुई थी. पत्नी ने रोते हुए अपनी दुखभरी कहानी बयां की.
आपको बता दें कि जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गौसाबाद में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कमलेश बिंद की पत्नी मनीषा कुमारी और भाभी एवं ग्राम प्रधान अनीता कुमारी ने पुलिस प्रशासन पर फर्जी एनकाउंटर का गंभीर आरोप लगाया है. परिजनों का दावा है कि होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड में कमलेश का कोई हाथ नहीं था, बल्कि वह होटल में होने वाले गलत कामों का विरोध करता था, इसलिए उसे साजिश के तहत फंसाया गया. परिजनों ने सरकार से इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही है.

शादी के एक महीने बाद ही उजड़ा सुहाग
कमलेश बिंद की शादी अभी बीते 27 अप्रैल 2026 को बिहार की रहने वाली मनीषा कुमारी से हुई थी. शादी का कार्ड दिखाते हुए रो-रोकर बदहवास पत्नी मनीषा ने कहा कि उनके पति निर्दोष थे और पुलिस ने उनकी हत्या की है. परिजनों का कहना है कि जिस तरह विनीत राय के परिवार को न्याय चाहिए, उसी तरह उन्हें भी कमलेश की मौत का इंसाफ मिलना चाहिए. बड़े भाई सोनू बिंद ने भी पुलिसिया कार्रवाई को पूरी तरह योजनाबद्ध बताते हुए जांच की मांग की है.

बवाल के बाद गांव में शांति, फ्लैग मार्च
गुरुवार शाम को कमलेश का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद हुए पथराव में सीओ सिटी समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. इस हिंसक टकराव के बाद देर रात डीआईजी वैभव कृष्ण ने गौसाबाद इलाके का निरीक्षण कर भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया. पुलिस अधीक्षक ने पथराव करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है, जिसके बाद फिलहाल गांव में स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में बनी हुई है.
उधर, इस मामले में सियासत भी शुरू हो गई है. सपा मुखिया अखिलेश यादव ने गाजीपुर पुलिस और ग्रामीणों में हुई झड़प के बाद एक पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने लिखा- भाजपा राज में महाभ्रष्ट ‘शासन-प्रशासन’ ने जनता का विश्वास खो दिया है. हत्याओं और एनकाउंटर ने उत्तर प्रदेश की छवि को पूरी तरह नकारात्मक बना दिया है. भाजपा खुद अपराधी है.