
Uttar Pradesh News: झांसी की सीपरी बाजार थाना पुलिस ने एलआईसी स्कूल के सामने दबिश देकर भारी मात्रा में ऑटोमेटिक और सेमी-ऑटोमेटिक हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले तीन शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों में बॉबी उर्फ संत दयानंद महाराज, उसका सगा भाई विवेक चौहान और उनका मकान मालिक मुकेश कुमार श्रीवास शामिल हैं.
यह शातिर तांत्रिक अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहकर अवैध असलहों की डिलीवरी का यह काला कारोबार चला रहा था. पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, रिवॉल्वर समेत 7 घातक वेपन, 122 कारतूस, रामपुरी चाकू, भारी मात्रा में कैश और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं.
इंस्टाग्राम पर भूत-प्रेत का इलाज, बैकग्राउंड में हथियारों का राज
गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी बॉबी उर्फ संत दयानंद महाराज कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया का एक चर्चित चेहरा है. इंस्टाग्राम पर इस तांत्रिक का बकायदा एक पेज है, जहां उसके हजारों फॉलोअर्स हैं. वह अपने पेज पर तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत, मसान और शैतान के निवारण का दावा करने वाले वीडियो पोस्ट करता रहता था. लेकिन इस रूहानी और चमत्कारी चेहरे के पीछे एक बेहद खतरनाक क्रिमिनल माइंड छिपा हुआ था. तंत्र-मंत्र की आड़ में यह तांत्रिक असल में यूपी में अवैध हथियारों की तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क चला रहा था.
लंबे समय से चल रहा था तस्करी का काला खेल
पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह काफी लंबे समय से अवैध हथियारों की डीलिंग के इस अवैध धंधे में सक्रिय था. सीपरी बाजार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एलआईसी स्कूल के सामने कुछ लोग हथियारों का सौदा करने के लिए जुटे हैं. सटीक जानकारी पर जब पुलिस फोर्स ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी, तो इन तीनों को दबोच लिया गया. पूछताछ में सामने आया कि ये लोग सुनियोजित तरीके से काफी समय से इस पूरे अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे.

रामपुरी चाकू से लेकर सोने-चांदी के सिक्के तक बरामद
पुलिस की सघन तलाशी के दौरान इस गैंग के पास से हथियारों और नकदी का एक बड़ा जखीरा बरामद हुआ. इनके पास से 32 बोर की एक रिवॉल्वर, एक अवैध पिस्टल, 12 बोर का एक तमंचा, एक 12 बोर का अधिया तमंचा, दो 315 बोर के तमंचे, भारी संख्या में जिंदा व खोखा कारतूस, 5 रामपुरी चाकू, 2.87 लाख रुपये नकद, सोने की 5 अंगूठियां, चांदी के सिक्के, ब्रेसलेट और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं.