scorecardresearch
 

हाथों से उधड़ने लगी नई सड़क... वीडियो बनाकर बोले झांसी के ग्रामीण- खराब क्वालिटी का काम हो रहा

सड़क बनी तो थी विकास की रफ्तार बढ़ाने के लिए, लेकिन झांसी में यह खुद सवालों के घेरे में आ गई. ग्रामीणों ने हाथ ही लगाया और डामर रोड उधड़ने लगा. इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो बनाकर लोगों ने सीधे मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है. इस पूरे मामले ने सड़क निर्माण की क्वालिटी पर सवाल खड़े कर दिए. ग्रामीणों का कहना है कि वीडियो बनाने पर उन्हें धमकी दी जा रही है.

Advertisement
X
हाथों से ही उखड़ने लगा डामर रोड. (Photo: Screengrab)
हाथों से ही उखड़ने लगा डामर रोड. (Photo: Screengrab)

यूपी के झांसी में घटिया सड़क मरम्मत कार्य देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने हाथों से जोर लगाया तो सड़क उखड़ने लगी. लोगों ने खराब क्वालिटी का काम कराने का आरोप लगाया है. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से ग्रामीण हाथों से सड़क को खोदकर क्वालिटी दिखा रहे हैं.

मामला झांसी की गरौठा तहसील अंतर्गत ग्राम बरमाइन से ककरबई के बीच हो रहे सड़क मरम्मत कार्य का है. यहां लाखों की लागत से करीब 6 किलोमीटर लंबी सड़क का मरम्मत कार्य हो रहा है. सड़क पर घटिया क्वालटी से मरम्मत कार्य होने की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. विरोध करते हुए ग्रामीणों ने हाथों से सड़क को उखाड़कर दिखाया.

यह भी पढ़ें: 87 लाख रुपये में बनी सड़क… पांच दिन में उग आई घास, कई जगह डामर उखड़ा, Video

ग्रामीण कहते हैं कि यह सड़क बरमाइन से ककरबई तक बन रही है. सड़क पर मानक के अनुसार मैटेरियल नहीं लग रहा है. मिट्टी और गोबर के ऊपर सड़क डल रही है, कोई भी सफाई नहीं हो रही है और न ही सही प्रकार से मैटेरियल लग रहा है. हमारी न तो ठेकेदार से दुश्मनी है और न ही मेठ से, हमारी नाराजगी खराब क्वालिटी से हो रहे काम को लेकर है. हमारी सड़क सही प्रकार से बननी चाहिए.

Advertisement

jhansi poor road construction villagers expose damar road quality video

ग्रामीण ने कहा- अब हमें धमकी मिल रही है

एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि हम बरमाइन के रहने वाले हैं. हमारी तहसील गरौठा है. हम उस वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री से निवेदन करते हैं कि वह देख लें कि किस प्रकार काम हो रहा है. खुद देख लीजिए स्थिति. यह सड़क करीब 6 किलोमीटर लंबी डाली जा रही है. हम चाहते हैं कि हमारी सड़क सही प्रकार से बने. जब हमने सड़क की हकीकत का वीडियो डाला तो हमें धमकी मिल रही है कि रात में उठा लेंगे. धमकी देने वाला यहीं काम कर रहा है.

वायरल वीडियो को लेकर एसडीएम ने क्या कहा?

वायरल वीडियो को लेकर गरौठा एसडीएम सुनील कुमार ने बताया कि ये सड़क पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही है. ये वीडियो हमने भी देखा है. इसकी जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही है. जांच में यदि ठेकेदार की लापरवाही पाई जाती है तो जुर्माना लगाया जाएगा. यदि विभागीय लापरवाही होती है तो एक्शन लिया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement