scorecardresearch
 

UP: हंसते-खेलते परिवार में पसरा मातम, शादी से लौट रहे बाइक सवार भाइयों को थार ने मारी टक्कर

झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी. दोनों की मौके पर मौत हो गई. चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कार जब्त कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है.

Advertisement
X
थार ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचला  (Photo:  Ajay Jha/ITG)
थार ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचला (Photo: Ajay Jha/ITG)

झांसी जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. शादी समारोह से लौट रहे दो सगे भाइयों को तेज रफ्तार थार कार ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार रानीपुर निवासी राजकुमार साहू और उनके भाई किशोरी साहू छतरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. जैसे ही वे भदरवारा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही थार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

तेज रफ्तार थार ने दो सगे भाइयों को कुचला

टक्कर के बाद मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई और चालक दोनों भाइयों को काफी दूर तक घसीटता ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बाइक कार से अलग नहीं हुई तो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया.

सूचना मिलते ही मऊरानीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. रविंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस दोनों को मृत अवस्था में लेकर आई थी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Advertisement

पुलिस ने थार जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू की

मृतक राजकुमार साहू के बेटे अमरदीप साहू ने बताया कि उनके पिता अपने भाई के साथ लौट रहे थे. वह अपने पिता की इकलौती संतान हैं. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement