झांसी जनपद के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. शादी समारोह से लौट रहे दो सगे भाइयों को तेज रफ्तार थार कार ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार रानीपुर निवासी राजकुमार साहू और उनके भाई किशोरी साहू छतरपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. जैसे ही वे भदरवारा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति से आ रही थार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
तेज रफ्तार थार ने दो सगे भाइयों को कुचला
टक्कर के बाद मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई और चालक दोनों भाइयों को काफी दूर तक घसीटता ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बाइक कार से अलग नहीं हुई तो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया.
सूचना मिलते ही मऊरानीपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. रविंद्र गुप्ता ने बताया कि पुलिस दोनों को मृत अवस्था में लेकर आई थी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस ने थार जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू की
मृतक राजकुमार साहू के बेटे अमरदीप साहू ने बताया कि उनके पिता अपने भाई के साथ लौट रहे थे. वह अपने पिता की इकलौती संतान हैं. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है.