अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की बीते 6 अगस्त को झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में कार हादसे में मौत हो गई. वह अपने साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. हाईवे पर तेज रफ्तार कार के अचानक डिवाइडर से टकरा जाने के कारण यह भीषण दुर्घटना हुई.
इस हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद अबान का हफीज जालंधरी की नज्म गाते हुए एक पुराना वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ है. इसमें वह 'मौत इस कदर कहीं मुझे न आएगी... अभी नहीं, अभी नहीं, अभी नहीं... अभी तो मैं जवान हूं.' नज्म गाता दिख रहा है.
नज्म की पंक्तियां बनीं आखिरी याद
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में अबान अहमद हफीज जालंधरी की प्रसिद्ध नज्म ‘अभी तो मैं जवान हूं’ पढ़ते हुए सुनाई दे रहा है. मौत के बाद सामने आई उसकी आवाज और पंक्तियां इंटरनेट पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
हादसे के वक्त भाई से मिलने जा रहा था अबान
झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हाईवे पर कार के डिवाइडर से टकराने से यह दुर्घटना हुई. झांसी जेल में बंद बड़े भाई अली से मुलाकात के लिए निकले अबान के शव का पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज में अंतिम संस्कार कर दिया गया. अतीक के दो बेटे जेल में हैं और एक की एनकाउंटर में मौत हो चुकी है. अतीक और उसका भाई अशरफ भी मारा जा चुका है. पत्नी शाइस्ता परवीन फरार है. बेटे के जनाजे में भी नहीं आई. पुलिस ने उसपर इनाम घोषित कर रखा है.