
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार निवासी युवक सूर्या चौहान की हत्या के बाद उपजे तनावपूर्ण माहौल के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा की गई. इसको लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. संभावित संवेदनशीलता और आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया. डीसीपी सिटी जोन धवल जायसवाल के नेतृत्व में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों, आरआरएफ जवानों तथा कई थानों की फोर्स को इलाके में तैनात किया गया. पुलिस टीम ने नूरानी मस्जिद समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास बैरिकेडिंग कर और ड्रोन कैमरों से आसमान से लगातार निगरानी रखकर कानून-व्यवस्था को बनाए रखा.
सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती
सूर्या चौहान की हत्या के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है. विभिन्न हिंदू संगठनों ने इस घटना को लेकर अपनी कड़ी नाराजगी जताई है. जुमे की नमाज के मद्देनजर कुछ संगठनों के कार्यकर्ताओं द्वारा मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किए जाने की चर्चाएं भी सामने आई थीं. ऐसे में पुलिस और प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया था. इसी गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने गुरुवार रात से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी थी.

डीसीपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च
शुक्रवार सुबह से ही खोड़ा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई. दिन में पुलिस प्रशासन द्वारा खोड़ा क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला गया. डीसीपी सिटी जोन धवल जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ स्वयं क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि दोनों समुदायों के जिम्मेदार और सम्मानित लोगों से लगातार संवाद स्थापित किया गया है, जिससे किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो.
अमन और चैन की मांगी दुआ
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोड़ा स्थित नूरानी मस्जिद में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई. नमाज के दौरान और उसके बाद किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई. नमाज अदा करने के बाद मस्जिद से बाहर निकल रहे लोगों ने बताया कि उन्होंने अपनी दुआओं में क्षेत्र में अमन, चैन और भाईचारे की कामना की है. स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन द्वारा किए गए सुरक्षा इंतजामों को संतोषजनक बताते हुए प्रदेश की योगी सरकार और पुलिस प्रशासन का धन्यवाद भी किया.

स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
पूरे दिन खोड़ा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील दिखाई दिया. सड़कों पर पुलिस के वाहन गश्त करते रहे और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बल मुस्तैद रहे. प्रशासन की सक्रियता और दोनों समुदायों के सहयोग के चलते जुमे का दिन बिना किसी विवाद के संपन्न हुआ. हालांकि सूर्या चौहान हत्याकांड को लेकर लोगों की भावनाएं अभी भी उद्वेलित हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.