उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रेलवे रोड पर उस समय हंगामा मच गया. जब पुलिस की मौजूदगी में महिला वकील और पीड़िता के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हो गई. यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड की बताई जा रही है, जहां लात-घूंसे चलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक, बुलंदशहर से पीड़िता अपने परिजनों और पुलिस टीम के साथ हापुड़ कोर्ट पहुंची थी. मामला एक मुकदमे से जुड़ा हुआ है, जिसमें न्यायालय के आदेश पर घटनास्थल का निरीक्षण कराया जा रहा था. पुलिस की मौजूदगी में निरीक्षण की प्रक्रिया चल रही थी.
पुलिस की मौजूदगी में रेलवे रोड पर चले लात-घूंसे
इसी दौरान आरोपी पक्ष की महिला वकील और पीड़िता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और मारपीट में बदल गया. सड़क पर महिला अधिवक्ता, पीड़िता और साथ आई एक अन्य महिला के बीच जमकर हाथापाई हुई.
मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी स्थिति संभालने की कोशिश करते नजर आए. सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. मारपीट का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घटना ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है. यह मामला हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड का बताया जा रहा है.