त्योहारी सीजन के बीच हापुड़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य विभाग की टीम ने कुचेसर रोड चौपला के बनखंडा स्थित एक मकान में छापेमारी कर 955 किलो मिलावटी क्रीम बरामद की. इस क्रीम का इस्तेमाल देशी घी और बटर बनाने में किया जाना था. खाद्य विभाग के मुताबिक, बरामद क्रीम को रिफाइंड, सप्रेटा दही और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर तैयार किया जा रहा था. टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पूरी 955 किलो क्रीम को नष्ट करा दिया. इसके बाद इसे गड्ढे में दबवा दिया गया. बरामद क्रीम की अनुमानित कीमत करीब 1.43 लाख रुपये बताई गई है.
यह कार्रवाई हापुड़ के खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने की. टीम ने मौके से क्रीम के दो और वनस्पति का एक नमूना लिया. इन सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है. प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जांच के दौरान टीम को मौके पर एक सैंट्रो कार भी मिली. कार में मिलावटी पनीर रखा हुआ था. खाद्य विभाग ने पनीर का नमूना भी लिया है और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. वहीं कार को सीज कर दिया गया है.
रिफाइंड और सप्रेटा दही से बन रही थी क्रीम
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग के सामने एक और बड़ी बात आई. जिस जगह यह कारोबार चल रहा था, वहां खाद्य कारोबार के लिए जरूरी लाइसेंस नहीं लिया गया था. यानी बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के कारोबार संचालित किया जा रहा था. इसके बाद टीम ने तत्काल प्रतिष्ठान को बंद करा दिया. खाद्य विभाग अब प्रतिष्ठान स्वामी तुषार शर्मा, निवासी बनखंडा, हापुड़ के खिलाफ बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के कारोबार चलाने के आरोप में वाद दायर करने की कार्रवाई करेगा. विभाग के मुताबिक, प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद मिलावट से जुड़े मामले में भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि बरामद क्रीम में रिफाइंड, सप्रेटा दही और असली क्रीम का मिश्रण पाया गया है. नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गंगवार, सोवेन्द्र सिंह पंघाल, सहरिश सादात, मोहित कुमार, आरपी गुप्ता और विपिन कुमार सिंह शामिल रहे.
त्योहार से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई में एक ही जगह से बड़ी मात्रा में क्रीम और पनीर बरामद होने के साथ बिना लाइसेंस कारोबार का मामला भी सामने आया है. विभाग ने बरामद क्रीम को मौके पर ही नष्ट करा दिया है और जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे हैं. अब खाद्य विभाग को प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद मिलावटी क्रीम और पनीर के नमूनों की गुणवत्ता से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होगी. इसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.