scorecardresearch
 

Video: ग्रेटर नोएडा में 'Thar' का तांडव! डीजल भराकर भागा, पीछा करने पर मारी टक्कर, 10KM तक बाइक घसीटी

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में बिना नंबर की थार डीजल भराकर पैसे दिए बिना फरार हो गई. पीछा कर रहे सेल्समैन की बाइक को टक्कर मार दी और करीब 10 किलोमीटर तक घसीटता रहा, जिससे आग लग गई. पुलिस ने पीछा कर चालक हर्ष (22) को हिरासत में लेकर थार जब्त की है. घायल का इलाज जारी है.

Advertisement
X
बाइक में लगी आग(Photo: Screengrab)
बाइक में लगी आग(Photo: Screengrab)

ग्रेटर नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार थार का कहर देखने को मिला. थाना बादलपुर क्षेत्र में एनटीपीसी कट के पास स्थित पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की थार गाड़ी में चालक ने डीजल भरवाया और पैसे दिए बिना दादरी बाईपास की ओर फरार हो गया. यह देखकर पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन कुलदीप शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा निवासी दादरी बाइक से उसका पीछा करने लगा.

कोट चौकी क्षेत्र में सेल्समैन ने थार चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी. इसी दौरान बाइक थार से टकरा गई, जिससे कुलदीप शर्मा घायल हो गया. टक्कर के बाद बाइक थार में फंस गई.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े घर के बाहर युवक को मारी गोली, CCTV में कैद हुई वारदात, Video

देखें वीडियो...

10 किलोमीटर तक घसीटता रहा बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद भी थार चालक नहीं रुका और बाइक को करीब 10 किलोमीटर तक घसीटता रहा. इस दौरान बाइक में आग भी लग गई. लोग चिल्लाते रहे, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई. बादलपुर, दादरी कोट और जारचा पुलिस ने करीब 10 किलोमीटर तक पीछा कर थार को पकड़ लिया. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया.

Advertisement
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

आरोपी की पहचान, जांच जारी

एडीसीपी (सेंट्रल नोएडा) आरके गौतम ने बताया कि 27 फरवरी को हुई इस घटना में बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम जोली निवासी 22 वर्षीय हर्ष, पुत्र मनोज के रूप में चालक की पहचान हुई है. उसे गाड़ी सहित कोट चौकी पर हिरासत में लिया गया है.

घायल सेल्समैन कुलदीप शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है. थाना बादलपुर पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement