ग्रेटर नोएडा में 22 साल की मोनिका नागर की मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है. शुरुआती तौर पर जहां परिवार ने इसे हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर करोड़ों की प्रॉपर्टी के लालच में मारपीट और हत्या का आरोप लगाया था, वहीं अब एक नया वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है.
यह मामला दादरी थाना क्षेत्र के घोड़ी गांव का है. मोनिका की शादी करीब तीन महीने पहले प्रिंस चौहान (कुछ पुलिस दस्तावेजों में अनुज चौहान का भी उल्लेख) से हुई थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही पैसों और संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया था.
परिजनों के मुताबिक, 7 मई को मोनिका ने फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं. इसके कुछ समय बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या कर शव को जल्दबाजी में जलाने की कोशिश की गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू हुई.
मृतका की मां की शिकायत पर पति समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी पति प्रिंस चौहान को गिरफ्तार भी कर लिया है.
हालांकि, घटना के पांच दिन बाद एक करीब 6 मिनट 13 सेकेंड का वीडियो सामने आया है. वीडियो में मोनिका रोते हुए कहती दिखाई दे रही है कि 'मेरी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है.' इसके बाद वह पंखे से दुपट्टा बांधकर फंदा लगाती नजर आती है.
पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की जांच की जा रही है. मृतका के मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो कब रिकॉर्ड हुआ, उसमें किसी तरह की एडिटिंग या दबाव के संकेत तो नहीं हैं, और मौत से पहले की परिस्थितियां क्या थीं.
दादरी पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामला हत्या की धाराओं में दर्ज है और जांच जारी है. पुलिस वीडियो, कॉल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिवार के आरोप, सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है.