scorecardresearch
 

व्हाट्सएप झगड़े के बाद पत्नी ने हॉस्टल से कूदकर दी जान, 48 घंटे बाद पति की भी आत्महत्या, 8 महीने पहले की थी लव मैरिज

ग्रेटर नोएडा में एक नवविवाहित जोड़े की दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर दिया है. शनिवार को पत्नी ने गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. इसके दो दिन बाद पति सौरभ ने भी फंदा लगाकर जान दे दी. दोनों ने आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.

Advertisement
X
युवक ने किया सुसाइड. (File Photo: ITG)
युवक ने किया सुसाइड. (File Photo: ITG)

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बे में एक नवविवाहित युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. यह घटना इसलिए और भी दर्दनाक बन गई क्योंकि युवक की पत्नी ने दो दिन पहले ही आत्महत्या कर ली थी. लगातार दो दिनों के भीतर पति-पत्नी की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. परिवारों में मातम पसरा हुआ है और आसपास के लोग भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं. मृतक की पहचान 21 वर्षीय सौरभ निवासी बाफर, थाना जानी, जिला मेरठ के रूप में हुई है. सौरभ वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कस्बे की गुरुद्वारा वाली गली में किराये के मकान में रहकर ऑटो चलाने का काम करता था.

जानकारी के अनुसार सौरभ की पत्नी ने शनिवार को नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित जीएल बजाज कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी. पत्नी की मौत के बाद से ही सौरभ गहरे मानसिक तनाव में था. परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार वह पूरी तरह टूट चुका था और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहा था.

पत्नी की मौत के दो दिन बाद पति ने भी उठाया आत्मघाती कदम

बताया जा रहा है कि सौरभ और उसकी पत्नी ने करीब आठ महीने पहले प्रेम विवाह किया था. दोनों का रिश्ता प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ था और परिवार की परवाह किए बिना उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला किया था. हालांकि पत्नी की आत्महत्या से पहले दोनों के बीच व्हाट्सएप पर आए किसी मैसेज को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद घटनाक्रम तेजी से बदला और पत्नी ने आत्मघाती कदम उठा लिया.

Advertisement

सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम कुंज स्थित गुरुद्वारा वाली गली में किराये के कमरे में रहने वाले एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलते ही सूरजपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. जब कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर सौरभ का शव पंखे से लटका मिला. पुलिस ने तुरंत फील्ड यूनिट को बुलाया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने कमरे की बारीकी से जांच की, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ.

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि पत्नी की मौत के बाद सौरभ बेहद तनावग्रस्त था. रविवार से ही वह गुमसुम दिखाई दे रहा था. पड़ोसियों के अनुसार वह किसी से बात नहीं कर रहा था और अकेला रहना पसंद कर रहा था. उधर पत्नी की आत्महत्या के मामले में मृतका के परिजनों ने सौरभ के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था. इस संबंध में नॉलेज पार्क कोतवाली में तहरीर भी दी गई थी. पुलिस उस मामले की जांच कर रही थी.

इसी बीच सौरभ की आत्महत्या के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने दावा किया कि सौरभ पुलिस हिरासत से भागकर अपने कमरे तक पहुंचा था और वहीं उसने आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने स्पष्ट किया कि सौरभ किसी भी समय पुलिस हिरासत में नहीं था. उन्होंने कहा कि हिरासत से फरार होने की बात तथ्यहीन है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए.

Advertisement

दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच में जुटी पुलिस

वहीं सूरजपुर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पति-पत्नी की लगातार दो दिनों के भीतर हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है. दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़कर जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement