ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन हॉस्टल के अंदर दो मजदूरों की हत्या का मामला सामने आया है. यह घटना सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल में हुई, जहां कमरे के अंदर दोनों शव लहूलुहान हालत में पाए गए. घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली थी कि हॉस्टल के अंदर दो व्यक्तियों के शव पड़े हुए हैं. सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए हैं. मृतकों की पहचान इंद्र और शीशपाल के रूप में हुई है. इंद्र मेरठ के अब्दुल्लापुर का रहने वाला था, जबकि शीशपाल ग्रामीण इचौंली, मेरठ का निवासी था. दोनों की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है. मौके पर मौजूद ठेकेदार ने दोनों की पहचान की पुष्टि की.
डबल मर्डर से सनसनी, कमरे में लहूलुहान मिले दो शव
जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूर दो से तीन दिन पहले ही इस निर्माणाधीन हॉस्टल में माली के काम के लिए आए थे. शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीन मजदूरों को ठेकेदार ने मेरठ से काम के लिए यहां बुलाया था और वे यहीं रह रहे थे. पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले मजदूरों के बीच शराब पार्टी हुई थी. इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. इसी झगड़े में किसी धारदार हथियार से दोनों पर हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना को लेकर डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने जानकारी दी कि सीताराम इंस्टीट्यूट के पास निर्माणाधीन हॉस्टल में मजदूर रह रहे थे. तीन मजदूर मेरठ से बुलाए गए थे, जिनमें से दो के शव कमरे से बरामद हुए हैं. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी झगड़े के बाद किसी ब्लंट ऑब्जेक्ट से सिर पर चोट लगने की बात सामने आई है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
डीसीपी ने आगे कहा कि हत्यारे की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है. टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है. उन्होंने यह भी बताया कि मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़ा किस वजह से शुरू हुआ था और घटना के पीछे असल कारण क्या था. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.