बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि गेहूं की पिसाई के दौरान उसमें सफेद पत्थर का चूरा मिलाया जा रहा है ताकि वजन बढ़ाकर अधिक मुनाफा कमाया जा सके, हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं हुई है, लेकिन इसने लोगों के मन में एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि अगर रोजाना खाया जाने वाला आटा मिलावटी हो तो क्या होगा? क्या इससे कोई बीमारी हो सकती है.ऐसा आटा खाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है? इन तमाम सवालों का जवाब डॉक्टर ने दिया है.
सर गंगाराम अस्पताल के लिवर, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी और पैन्क्रियाटिकोबिलियरी साइंसेज संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. अनिल अरोड़ा ने Aajtak.in से बातचीत में बताया कि मिलावटी आटे का असर इस बात पर निर्भर करता है कि उसमें किस तरह की मिलावट की गई है.अगर आटे में हैवी मेटल जैसे शीशा जैसी हानिकारक चीजें मिली हों तो वे सबसे पहले आंतों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. ऐसे में उल्टी, दस्त और पेट खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. अगर यह मेटल आंतों के जरिए धीरे- धीरे खून में पहुंच जाएं तो उनका असर शरीर के कई अंगों जैसे लिवर, किडनी तक पहुंच सकता है. गंभीर मामलों में इनका असर दिमाग तक भी जा सकता है.
यह भी पढ़ें: संतरा खाने से नहीं होती है पेट की बीमारी
सफेद पत्थर का चूना मिलाने से क्या होता है?
डॉ. अनिल बताते हैं कि अगर आटे में सफेद पत्थर का चूरा मिलाया गया हो तो यह भी आंतों के अंदर की परत को नुकसान पहुंचा सकता है. अगर पिछले कुछ दिनों से बिना किसी बुखार के लगातार उल्टी या दस्त हो रहे हों और यह समस्या खासतौर पर घर का आटा खाने के बाद बढ़ जाती हो,तो आटे की क्वालिटी खराब होने की आशंका हो सकती है. ऐसे में कुछ समय के लिए आटा बदलकर देख लेना चाहिए.
अगर ऐसा नहीं करते हैं तो शुरू में उल्टी- दस्त लगने जैसी समस्या हो सकती है. इसके बाद धीरे- धीरे लिवर और किडनी पर दबाव बढ़ना जैसी समस्याएं विकसित हो सकती हैं. अगर आटे में जो चीजें मिलाई गई हैं उनमें लेड हैवी मेटल शामिल हों तो लंबे समय में दिमाग पर भी असर डाल सकते हैं.
यह भी पढ़ें: दूषित पानी का कहर! डायरिया फैलते ही एक की मौत, 10 लोग अस्पताल में भर्ती
आटा खरीदते समय रखें ये सावधानियां
हमेशा भरोसेमंद ब्रांड का आटा खरीदें
आटे को किसी ऐसी जगह न रखें जहां संक्रमण का खतरा हो
आटा हमेशा सूखी और साफ जगह पर रखें ताकि उसमें फंगस न बनें
अगर आटा खाने के बाद बार-बार उल्टी, दस्त है तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है