Uttar Pradesh News: गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र में अपने पति से अलग रह रही एक यूट्यूबर इन्फ्लुएंसर महिला अपनी अजीब मांग को लेकर ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. महिला की मांग थी कि जिस प्रेमी अमर सिंह उर्फ गोलू को उसने शादी का झांसा देकर रेप करने के आरोप में जेल भिजवाया था, उसे अब छोड़ दिया जाए क्योंकि वह अब उसी के साथ रहना चाहती है. भीषण गर्मी में महिला के टॉवर पर चढ़ने की सूचना पीआरवी 112 के माध्यम से मिलने पर सीओ सदर शिल्पा वर्मा फायर ब्रिगेड और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों द्वारा काफी समझाने-बुझाने और ठोस आश्वासन मिलने के करीब तीन घंटे बाद शाम को महिला सुरक्षित नीचे उतरी.
पति से अलगाव और प्रेमी से संबंध
महिला द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर (FIR) के मुताबिक, उसकी शादी साल 2020 में भानु प्रताप सिंह से हुई थी, लेकिन वह पिछले 4 साल से अपने पति से अलग रह रही है. इसी अलगाव के दौरान महिला का संबंध गांव के ही अमर सिंह उर्फ गोलू नाम के व्यक्ति से हो गया, जिसने महिला को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए थे.
खुद ही दर्ज कराया था रेप का केस
अमर सिंह द्वारा बाद में शादी से आनाकानी करने पर महिला ने बीते 2 जून को इटियाथोक थाने में उसके खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी अमर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था.
अब उसी अभियुक्त के साथ रहने की जिद
जेल भिजवाने के कुछ ही दिनों बाद महिला का दिल बदल गया और वह अपने उसी प्रेमी के संग रहने की जिद पर अड़ गई. इसी मांग को लेकर वह दोपहर की भयानक गर्मी में अचानक गांव के पास लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई, जिससे पूरे प्रशासनिक अमले और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
समझा-बुझाकर उतारा, विधिक कार्रवाई जारी
सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि मौके पर पहुंचकर फायर सेफ्टी टीम और प्रशासन ने महिला से संपर्क साधा. करीब तीन घंटे की मनुहार के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया. फिलहाल पुलिस महिला का बयान दर्ज कराकर उसके पूर्व के प्रकरण में समीचीन विधिक कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है. बहरहाल, गोंडा जिले में मांगों को लेकर टॉवरों पर चढ़ना एक फैशन सा बन गया है.