scorecardresearch
 

Places to visit in Mussoorie: मसूरी घूमने का बना रहे हैं प्लान? इन 9 जगहों पर जाना न भूलें, यादगार बन जाएंगे पल

Places to visit in Mussoorie: अगर आप पहाड़ों की खूबसूरती और सुकून भरे माहौल के बीच कुछ दिन बिताना चाहते हैं तो मसूरी आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है. यहां प्राकृतिक नजारों से लेकर झरने, मंदिर और खूबसूरत बाजार तक घूमने के लिए बहुत कुछ है.

Advertisement
X
जन्नत से कम नहीं है मसूरी की ये जगहें (Photo-ITG)
जन्नत से कम नहीं है मसूरी की ये जगहें (Photo-ITG)

Places to visit in Mussoorie: उत्तराखंड में बसा मसूरी अपनी खूबसूरत वादियों, हरे-भरे पहाड़ों और सुहावने मौसम के लिए जाना जाता है. इसे ‘पहाड़ों की रानी’ भी कहा जाता है. यहां का शांत माहौल और प्राकृतिक खूबसूरती हर उम्र के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है. यही वजह है कि मसूरी हनीमून कपल्स से लेकर फैमिली ट्रिप और दोस्तों के साथ घूमने के लिए बेस्ट जगहों में से एक है. 

मसूरी में आपको खूबसूरत झरनों से लेकर पहाड़ी नजारों, बाजारों और शांत जगहों तक बहुत कुछ देखने को मिलेगा. यहां की लोकल दुकानों पर घूमने के साथ आप कई तरह के स्वादिष्ट पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी ले सकते हैं. अगर आप भी जल्द मसूरी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इन 9 जगहों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें.

कैमल्स बैक रोड
कैमल्स बैक रोड मसूरी की लोकप्रिय जगहों में से एक है. करीब 4 किलोमीटर लंबी यह सड़क अपने खूबसूरत पहाड़ी नजारों के लिए जानी जाती है. यहां एक चट्टान का आकार ऊंट के कूबड़ जैसा दिखाई देता है, इसी वजह से इसका नाम कैमल्स बैक रोड पड़ा. शाम के समय यहां से सूर्यास्त का नजारा भी काफी खूबसूरत लगता है.

बेनोग वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी
अगर आपको जंगल और प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद है, तो बेनोग वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी जा सकते हैं. यहां देवदार के पेड़ों से घिरे पहाड़ और आसपास की हरियाली देखने को मिलती है. नेचर लवर्स और फोटोग्राफी पसंद करने वालों के लिए यह जगह अच्छी है.

Advertisement

मॉल रोड
मसूरी की यात्रा मॉल रोड घूमे बिना अधूरी मानी जाती है. इसे मसूरी का दिल भी कहा जाता है. यहां पैदल घूमते हुए आप कपड़ों, स्थानीय सामान और दूसरी चीजों की खरीदारी कर सकते हैं. साथ ही सड़क किनारे मिलने वाले स्नैक्स और दूसरे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी ले सकते हैं. शाम के समय मॉल रोड की रौनक देखने लायक होती है.

गन हिल
गन हिल मसूरी की प्रमुख ऊंची जगहों में से एक है. यहां पहुंचने के लिए आप रोपवे का सहारा ले सकते हैं या पैदल भी जा सकते हैं. ऊपर पहुंचने के बाद आसपास के पहाड़ों और घाटियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. अगर आप मसूरी को ऊंचाई से देखना चाहते हैं तो गन हिल जरूर जाएं.

म्युनिसिपल गार्डन
म्युनिसिपल गार्डन को पहले कंपनी गार्डन के नाम से जाना जाता था. यहां हरे-भरे लॉन, रंग-बिरंगे फूल, फव्वारे और एक छोटी झील देखने को मिलती है. बगीचे में कई तरह के फूल और पेड़-पौधे मौजूद हैं. यहां आप परिवार के साथ घूमने के अलावा झील में बोटिंग का मजा भी ले सकते हैं.

लाल टिब्बा
लाल टिब्बा मसूरी के सबसे ऊंचे इलाकों में से एक है और यहां से हिमालय की चोटियों का शानदार नजारा देखा जा सकता है. यहां मौजूद टेलीस्कोप की मदद से दूर के पहाड़ों को करीब से देखने का अनुभव लिया जा सकता है. शांत वातावरण और खूबसूरत पहाड़ी दृश्य इसे मसूरी की खास जगहों में शामिल करते हैं.

Advertisement

मसूरी झील
मसूरी-देहरादून रोड पर स्थित मसूरी झील घूमने के लिए एक अच्छी जगह है. यहां आप शांत वातावरण में कुछ समय बिता सकते हैं और झील में बोटिंग का मजा ले सकते हैं. परिवार या दोस्तों के साथ घूमने के लिए यह जगह अच्छी रहेगी.

केम्प्टी फॉल्स
मसूरी घूमने जाएं और केम्प्टी फॉल्स न जाएं, ऐसा कम ही होता है. यह मसूरी के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है. यहां पहाड़ों से गिरता झरने का पानी कई धाराओं में बंट जाता है, जो देखने में काफी खूबसूरत लगता है. बारिश के मौसम और उसके बाद यहां का नजारा और भी शानदार हो जाता है.

शेडुप चोएपेलिंग मंदिर 
अगर आप मसूरी में प्राकृतिक जगहों के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी लेना चाहते हैं तो शेडुप चोएपेलिंग मंदिर जा सकते हैं. इसे तिब्बती बौद्ध मंदिर के नाम से भी जाना जाता है. यह हैप्पी वैली इलाके में स्थित है. मंदिर का शांत माहौल और तिब्बती शैली की वास्तुकला इसे बाकी पर्यटन स्थलों से अलग बनाती है.

इन बातों का रखें ध्यान 
मसूरी में घूमने के लिए कई जगहें हैं लेकिन मौसम के हिसाब से अपनी प्लानिंग करना बेहतर रहता है. खासकर मानसून के दौरान पहाड़ी रास्तों पर बारिश और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है. इसलिए ट्रैवल पर जाने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति का पता जरूर कर लें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement