scorecardresearch
 

'16 घंटे काम, मिला सिर्फ समोसा, बौना कहकर गाली दी’, लापता लेडीज एक्टर ने फिल्ममेकर के खिलाफ की Zero FIR

‘लापता लेडीज’ फेम सतेंद्र सोनी ने फिल्ममेकर पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी प्रगति चौहान के खिलाफ Zero FIR दर्ज कराई है. एक्टर ने पेमेंट रोकने, मारपीट, धमकी और अपमान के गंभीर आरोप लगाए हैं.

Advertisement
X
‘लापता लेडीज’ एक्टर ने लगाए संगीन आरोप (Photo: Screengrab)
‘लापता लेडीज’ एक्टर ने लगाए संगीन आरोप (Photo: Screengrab)

‘लापता लेडीज’ में नजर आ चुके एक्टर सतेंद्र सोनी ने फिल्ममेकर पुष्पेंद्र सिंह और उनकी पत्नी, एक्ट्रेस प्रगति चौहान के खिलाफ Zero FIR दर्ज कराई है. एक्टर ने दोनों पर बकाया पैसे नहीं देने, मारपीट, धमकी देने, गलत तरीके से बंधक बनाने और अपमानित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. यह मामला उनकी फिल्म ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के दौरान का बताया जा रहा है.

सतेंद्र सोनी का आरोप है कि फिल्ममेकर ने उन्हें फिल्म में रोल देने का वादा किया था और इसके बदले तय रकम का भुगतान भी पूरा नहीं किया. इतना ही नहीं, एक्टर ने दावा किया कि शूटिंग के दौरान उनके कद और रूप-रंग को लेकर उनका मजाक उड़ाया गया. उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम ने उनकी मानसिक, शारीरिक और आर्थिक स्थिति पर असर डाला.

3 लाख रुपये में तय हुई थी फीस

FIR में सतेंद्र ने खुद को एक स्ट्रगलिंग एक्टर बताया है और कहा है कि एक्टिंग ही उनकी कमाई का एकमात्र जरिया है. उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें बौनापन (dwarfism) है. सतेंद्र के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उनकी मुलाकात फिल्ममेकर पुष्पेंद्र सिंह से हुई थी. उस समय उन्हें ‘शुभ संदेश’ नाम की फिल्म में रोल ऑफर किया गया था, लेकिन बाद में वह प्रोजेक्ट बंद हो गया.

Advertisement

इसके करीब एक साल बाद, 1 अप्रैल 2026 को पुष्पेंद्र ने उन्हें फोन करके बताया कि फिल्म का नाम बदलकर ‘पेड पालकी’ कर दिया गया है और इसकी शूटिंग जल्द शुरू होने वाली है.

सतेंद्र का दावा है कि फिल्म में उनका रोल फाइनल हुआ था और उन्हें 30 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 3 लाख रुपये देने की बात तय हुई थी. उन्हें 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए और बाकी रकम शूटिंग के दौरान किस्तों में देने का भरोसा दिलाया गया. लेकिन एक्टर का आरोप है कि मध्य प्रदेश में शूटिंग शुरू होते ही कहानी बदल गई.

शूटिंग सेट पर बदइंतजामी का आरोप

सतेंद्र ने शिकायत में दावा किया कि शुरुआत में कलाकारों के लिए कोई वैनिटी वैन तक नहीं थी. बाद में एक वैनिटी वैन की व्यवस्था हुई तो उसे पूरी कास्ट के साथ शेयर करना पड़ा. उन्होंने शूटिंग लोकेशन पर साफ-सफाई और सैनिटेशन की उचित व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया. इतना ही नहीं, उनके मुताबिक यूनिट के लोगों को बासी खाना तक परोसा गया.

जब यूनिट में बाकी लोगों के बकाया भुगतान को लेकर चर्चा शुरू हुई तो सतेंद्र भी परेशान हो गए. उन्होंने इस बारे में फिल्म के असिस्टेंट डायरेक्टर राजा चौधरी से बात की, जो उनके संपर्क में थे. सतेंद्र के मुताबिक, राजा ने उन्हें जवाब दिया कि फाइनेंस उनके विभाग का काम नहीं है.

Advertisement

कद को लेकर उड़ाया मजाक?

एक्टर ने आरोप लगाया कि शूटिंग के दौरान उनके लुक और छोटे कद को लेकर उनका मजाक उड़ाया गया. उनका दावा है कि सेट पर मौजूद स्थानीय लोग उन्हें बिना उनकी इजाजत के उठा लेते थे और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते थे.

सतेंद्र ने शिकायत में आरोप लगाया- लोग मुझे उठाकर मेरे साथ तस्वीरें खींचने की कोशिश करते थे. प्रोडक्शन को मेरी सुरक्षा की कोई परवाह नहीं थी. उनका कहना है कि उन्होंने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई क्योंकि इसका उनकी मानसिक सेहत पर असर पड़ रहा था, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया.

आरोप है कि इस मामले की जानकारी जब डायरेक्टर की पत्नी और एक्ट्रेस प्रगति चौहान तक पहुंची तो उन्होंने सतेंद्र को कथित तौर पर गाली दी और उनकी बकाया पेमेंट देने से इनकार कर दिया. सतेंद्र का आरोप है कि प्रगति ने उन्हें उनके कद को लेकर अपमानित भी किया.

पैनिक अटैक आया, 16 घंटे काम का दावा

सतेंद्र ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया कि इन घटनाओं के बीच उन्हें पैनिक अटैक आया. उनका कहना है कि वह कांप रहे थे, लेकिन उस वक्त उनकी मदद के लिए कोई नहीं आया. उन्होंने शूटिंग लोकेशन पर मेडिकल सुविधा नहीं होने और बासी खाना दिए जाने का भी आरोप लगाया.

Advertisement

एक्टर का दावा है कि उन्होंने करीब 16 घंटे तक काम किया और इस दौरान खाने के लिए सिर्फ एक समोसा मिला. मामला यहीं नहीं रुका. सतेंद्र ने आरोप लगाया कि डायरेक्टर और उनकी पत्नी कलाकारों के लिए बुक की गई कैब में शूटिंग लोकेशन से पहले निकल जाते थे और बाकी कलाकारों के लिए दूसरी गाड़ी की व्यवस्था नहीं करते थे.

उनके मुताबिक, इसी वजह से वह एक बार वहां फंस गए और कथित तौर पर कुछ गांववालों ने उन्हें घेर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन पकड़कर उनके साथ तस्वीरें खींची गईं.

फिल्म पूरी करने के लिए धमकी देने का आरोप

सतेंद्र का आरोप है कि वह इस मामले को सीधे पुष्पेंद्र सिंह के सामने रखना चाहते थे. बाद में डायरेक्टर ने उन्हें फोन किया, लेकिन एक्टर के मुताबिक बातचीत समाधान निकालने के बजाय धमकी तक पहुंच गई. सतेंद्र ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें फिल्म पूरी करने या 10 मिनट के अंदर होटल का कमरा खाली करने की धमकी दी गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें मारने-पीटने की धमकी दी गई.

एक्टर ने पुष्पेंद्र की पत्नी प्रगति चौहान पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.

श्रीधर दुबे ने भी छोड़ा प्रोजेक्ट?

Advertisement

सतेंद्र के मुताबिक, जब उन्होंने और फिल्म के लीड एक्टर श्रीधर दुबे ने प्रोजेक्ट छोड़ने का फैसला किया, तब कथित तौर पर दोनों के साथ मारपीट की गई. शिकायत में सतेंद्र ने आरोप लगाया कि पुष्पेंद्र ने खुदकुशी करने की धमकी दी और कहा कि वह सुसाइड नोट में उनका नाम लिख देंगे. वहीं प्रगति पर उन्होंने दोनों को झूठे कानूनी मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया.

इसके बाद दोनों एक्टर्स ने पुलिस को बुलाया. सतेंद्र का दावा है कि उस दौरान फिल्ममेकर कपल ने पुलिस से शूटिंग रुकवाने से इनकार करने की अपील की. उनका कहना था कि अगर शूटिंग रुकी तो फिल्म से जुड़े कई लोगों का रोजगार प्रभावित होगा.

पुलिस ने समझौते की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी

सतेंद्र के मुताबिक, पुलिस ने दोनों पक्षों को आपस में मामला सुलझाने के लिए कहा. एक्टर्स का कहना था कि शूटिंग दोबारा शुरू करने से पहले उनकी बकाया फीस का भुगतान किया जाए. हालांकि, कथित तौर पर कोई समझौता नहीं हो पाया.

सतेंद्र ने यह भी आरोप लगाया है कि इस कपल ने फिल्म बनाने के नाम पर कई लोगों से पैसे लिए हैं और पहले भी इस तरह की घटनाओं में उनका नाम सामने आया है. इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

Advertisement

मुंबई लौटकर दर्ज कराई Zero FIR

आखिरकार पुलिस सुरक्षा के बीच सतेंद्र सोनी और दूसरे कलाकार मुंबई लौटे. इसके बाद गुरुवार को सतेंद्र ने Zero FIR दर्ज कराई. FIR में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 127(3) (गलत तरीके से बंधक बनाना), 3(5) (साझा इरादे से अपराध), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 352 (जानबूझकर अपमान) के तहत आरोप लगाए गए हैं. 

फिलहाल इस मामले में सतेंद्र सोनी की शिकायत में लगाए गए आरोप सामने आए हैं. फिल्ममेकर पुष्पेंद्र सिंह और प्रगति चौहान का पक्ष इस शिकायत में लगाए गए आरोपों के संदर्भ में सामने आना बाकी है. ऐसे में आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement