scorecardresearch
 

खेत की जुताई से शुरू हुआ विवाद, वकील की पीट-पीटकर हत्या, 4 के खिलाफ केस दर्ज

गोंडा के करनैलगंज क्षेत्र के सूदई पुरवा गांव में जमीनी विवाद में लाठी-डंडों से हुए हमले में हाईकोर्ट अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए. पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

Advertisement
X
मृतक की फाइल फोटो. (Photo: Screengrab)
मृतक की फाइल फोटो. (Photo: Screengrab)

गोंडा जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सूदई पुरवा गांव में जमीनी विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया. कब्जेदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.

मृतक की पहचान 59 वर्षीय सुभाष चंद्र मिश्रा के रूप में हुई है, जो हाईकोर्ट में वकील थे. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

यह भी पढ़ें: गोंडा में देवदूत बने RPF-GRP जवान, ट्रेन से फिसलने के बाद बचाई महिला की जान

खेत की जुताई से शुरू हुआ विवाद, हिंसा में बदला मामला

जानकारी के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक पक्ष के लोग ट्रैक्टर से खेत की जुताई करवा रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और कब्जे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया.

Advertisement

इस हिंसक संघर्ष में एक ही पक्ष के तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार जारी है. घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

चार नामजदों पर मुकदमा दर्ज, दो हिरासत में

अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि इस मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement