scorecardresearch
 

गोंडा में देवदूत बने RPF-GRP जवान, ट्रेन से फिसलने के बाद बचाई महिला की जान

गोंडा के मनकापुर रेलवे स्टेशन पर सतर्क आरपीएफ और जीआरपी जवानों की बहादुरी से एक महिला यात्री की जान बच गई. चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह गिरने ही वाली थी कि ड्यूटी पर तैनात जवानों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया. पूरी घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
चलती ट्रेन में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन (तस्वीर - Screengrab)
चलती ट्रेन में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन (तस्वीर - Screengrab)

उत्तर प्रदेश के गोंडा में मनकापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 15109 छपरा-मथुरा एक्सप्रेस सुबह 10:55 बजे स्टेशन से रवाना हो रही थी. उसी दौरान एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगी.

बताया जा रहा है कि महिला के साथ के लोग पहले ही ट्रेन में सवार हो चुके थे. महिला सिर पर बोरी लादे हुए थी और जैसे ही उसने ट्रेन पकड़ने की कोशिश की, उसका संतुलन बिगड़ गया और वो प्लेटफॉर्म-ट्रेन के बीच गिरने लगी.

चलती ट्रेन में चढ़ते समय बिगड़ा संतुलन

इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान सूर्य प्रकाश मिश्रा ने तुरंत दौड़कर गिरती महिला को पकड़ लिया. जीआरपी सिपाही सुधाकर खरवार भी मौके पर पहुंचे और दोनों ने मिलकर महिला को सहारा देते हुए सुरक्षित ट्रेन के अंदर बैठा दिया.

जवानों की तत्परता और साहस से महिला की जान बच गई. अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. बाद में इस वीडियो को आरपीएफ ग्रुप में साझा किया गया, जिसके बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे महिला गिरने वाली थी और जवानों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे संभाल लिया.

Advertisement

आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय ने बताया कि जवानों की सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई. उन्होंने यात्रियों से अपील की कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह बेहद खतरनाक हो सकता है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement