scorecardresearch
 

पहले मिला इशारा, फिर बच्चे ने उड़ाया शगुन और सोने के गहनों से भरा बैग, Video

गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान शातिर चोरों ने एक बच्चे का इस्तेमाल कर लाखों रुपये की नगदी और सोने के गहनों से भरा बैग चोरी कर लिया. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई. पुलिस फुटेज के आधार पर गिरोह की पहचान कर आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Advertisement
X
शादी में चोरों का साया!(Photo: Screengrab)
शादी में चोरों का साया!(Photo: Screengrab)

गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान चोरों ने बेहद शातिर तरीके से लाखों रुपये की नगदी और सोने के गहनों से भरा बैग चोरी कर लिया. हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए एक बच्चे का इस्तेमाल किया गया. पूरी घटना बैंक्वेट हॉल में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.

दरअसल, यह घटना इंदिरापुरम स्थित रॉयल एंबियंस पार्ट-2 बैंक्वेट हॉल की है, जहां दिल्ली के गीता कॉलोनी से आई बारात का विवाह समारोह चल रहा था. पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: इंदिरापुरम की हाईराइज सोसायटी में 18 वर्षीय लड़की की संदिग्ध मौत, दुष्कर्म-हत्या की आशंका

पुलिस ने बैंक्वेट हॉल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की गीता कॉलोनी के 9 ब्लॉक निवासी श्याम नंद मिश्रा के बेटे सौरव का विवाह समारोह रॉयल एंबियंस पार्ट-2 बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया था. शादी समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे.

Advertisement

परिवार के अनुसार 26 तारीख की रात करीब 1 बजकर 14 मिनट पर श्याम नंद मिश्रा की पत्नी मुन्नी मिश्रा बैंक्वेट हॉल में सोफे पर बैठी थीं. उनके पास शगुन की नगदी और सोने के आभूषणों से भरा बैग रखा हुआ था.

इसी दौरान एक बच्चा वहां पहुंचा. CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि उसने पहले अपना कोट उतारकर बैग के ऊपर डाल दिया. इसके बाद उसने उसी कोट की आड़ में बैग को छिपाया और कुछ ही सेकंड में वहां से लेकर निकल गया. पूरी घटना इतनी सफाई से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी.

देखें वीडियो...

पहले मिला इशारा, फिर बच्चे ने उड़ाया बैग

परिवार का आरोप है कि इस चोरी को अंजाम देने में दो लोग शामिल थे. CCTV फुटेज में पहले एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को इशारा करता दिखाई देता है. इसके बाद बच्चा योजना के तहत बैग उठाकर मौके से फरार हो जाता है.

पीड़ित श्याम नंद मिश्रा ने बताया कि चोरी हुए बैग में एक लाख रुपये से अधिक की नगदी और करीब दो तोला सोने के आभूषण रखे हुए थे. शादी के दौरान हुई इस वारदात से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है.

घटना के बाद इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक्वेट हॉल के CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों और उनके गिरोह की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement