scorecardresearch
 

गला रेता, खून बहाया और लाश छोड़कर फरार हो गया कातिल.... गाजियाबाद में खौफनाक मर्डर

गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव में गुरुवार सुबह खेत में 23 वर्षीय अज्ञात युवती का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई. युवती के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान मिले हैं. घटनास्थल पर टूटी फसल, घसीटने के निशान और चारों ओर फैला खून कई सवाल खड़े कर रहा है. पुलिस ने कई टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य.(Photo: Representational)
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य.(Photo: Representational)

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. वेव सिटी थाना क्षेत्र के काजीपुरा गांव स्थित एक खेत में करीब 23 वर्षीय अज्ञात युवती का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शुरुआती जांच में मामला धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या का प्रतीत हो रहा है.

घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था. खेत के बीच तक टूटी हुई फसल, घसीटने के निशान और चारों ओर फैला खून इस ओर इशारा कर रहा था कि वारदात बेहद निर्ममता से अंजाम दी गई. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या खेत में ही हुई या फिर कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में दो बेटों ने मां-बाप को मार डाला, प्रॉपर्टी विवाद में वारदात को दिया अंजाम

फिलहाल, मृतका की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है.

PRV को मिली सूचना, खेत के भीतर मिला शव

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9:07 बजे पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि काजीपुरा के एक खेत में फसल टूटी हुई है और बीच तक घसीटने जैसे निशान दिखाई दे रहे हैं. सूचना मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस ने जब खेत के भीतर जाकर जांच की तो वहां करीब 23 वर्षीय युवती का शव पड़ा मिला. युवती के गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान थे. शव के आसपास और कपड़ों पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई.

प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी. आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV भी खंगाले जा रहे

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंच गई. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए.

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवती की पहचान हो सके और यह पता लगाया जा सके कि वह खेत तक कैसे पहुंची. जांच का फोकस उन लोगों की भी पहचान करना है, जो वारदात से पहले या बाद में इस इलाके में दिखाई दिए.

Advertisement

तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि किसी भी अहम सुराग तक पहुंचा जा सके.

पहचान सबसे बड़ी चुनौती, कई एंगल से जांच

सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खेत से महिला का शव बरामद किया गया. शव को पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया है. एफएसएल टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का भी विश्लेषण किया जा रहा है. मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है.

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवती की हत्या घटनास्थल पर ही हुई या कहीं और हत्या के बाद शव यहां लाकर फेंका गया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement