scorecardresearch
 

Deoria: 200 रुपये के लिए जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट, पेट में घोंप दिया मुर्गा काटने वाला चाकू

देवरिया में उधार के 200 रुपये वापस नहीं लौटाने पर जीजा ने साले को मुर्गा काटने वाले चाकू से मौत के घाट उतार दिया. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई.

Advertisement
X
देवरिया: हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन
देवरिया: हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन

उत्तर प्रदेश के देवरिया में उधार के 200 रुपये वापस नहीं लौटाने पर जीजा ने साले को मुर्गा काटने वाले चाकू (धारदार हथियार) से मौत के घाट उतार दिया. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ. 

बता दें कि थाना बघौचघाट क्षेत्र के बजरहां गांव के रहने वाले जाकिर अंसारी (32) की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई. दरअसल, जाकिर की बहन जुबैन की शादी रामपुर निवासी नियामत से हुई थी. बजरहां गांव के करीब बुद्धन चौराहे पर मृतक जाकिर की मुर्गा काटने की दुकान थी. रिश्तेदारी के चलते मृतक जाकिर ने अपने जीजा के छोटे भाई मुनीब को अपनी दुकान दे दी थी. 

तीन दिन पहले जाकिर ने मुनीब से 2 सौ रुपये उधार लिए थे. जाकिर बीते गुरुवार की शाम मुर्गे की दुकान पर पहुंचा था. इस दौरान मुनीब दो सौ रुपये वापस मांगने लगा. इस पर जाकिर अपनी दुकान वापस करने की बात कहने लगा. इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ. फिर मारपीट हो गई. इतने में मुनीब ने मुर्गा काटने वाला हथियार जाकिर के पेट मे घोंप दिया. 

Advertisement
मृतक जाकिर

इस घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई. घायल जाकिर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जाकिर की अगले महीने (अप्रैल) शादी होनी थी. जाकिर और लड़की पक्ष दोनों के घरों में निकाह की तैयारियां जोरों पर थी लेकिन अब जाकिर की हत्या के बाद जहां एक तरफ परिवार बेसुध है तो वही लड़की के परिजन भी गमजदा हैं. 

मृतक जाकिर तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था. पिता मजदूरी का काम करते हैं.उसकी मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. मामले में बघौचघाट थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि 200 रुपये को लेकर पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट. जिसके बाद मुनीब ने जाकिर की हत्या कर दी. आरोपी मुनीब को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही हत्या में प्रयुक्त मुर्गा हलाल करने वाला चाकू भी बरामद कर लिया गया है. 

---- समाप्त ----

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement