
नोएडा में थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-50 स्थित द क्रिसेंट अपार्टमेंट में अज्ञात चोरों ने दो बंद फ्लैटों को निशाना बनाया. फ्लैट मालिकों के बाहर होने का फायदा उठाकर चोर दीवार कूदकर अंदर घुसे और हैंड कटर से दरवाजे का लॉक काटकर फ्लैटों से सोने-चांदी के गहने व नकदी चोरी कर फरार हो गए. पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी
घटना के समय पीड़ित परिवार पानीपत के कार्यक्रम में गए थे, जबकि दूसरे फ्लैट के मालिक यूएस गए हुए थे. चोरों ने फ्लैट संख्या बी-502 समेत दोनों फ्लैटों से सोने का बड़ा हार, चूड़ियां, कंगन, सोने के बिस्किट, गिन्नी, दो किलो चांदी और लगभग एक लाख रुपये नकद चुरा लिए. अनुमानित चोरी की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज से तलाश
पीड़ितों के मुताबिक चोरों ने वारदात से पहले रात को सोसायटी के आसपास कार से चक्कर लगाए थे. वे मुख्य गेट की बजाय दीवार कूदकर अंदर आए थे. इस दौरान वे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए गठित टीमों के जरिए तलाश में जुटी है.
पुलिस ने बताया कि फ्लैटों में चोरी की वारदात हुई है. पीड़ित पक्ष ने करीब दो करोड़ रुपये के सामान की चोरी की बात कही है. पुलिस का कहना है कि चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं.

पीड़ित के मुताबिक, अज्ञात चोर उनके फ्लैट से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए. उनके ऊपर वाले फ्लैट B-502 में रहने वाली धनलक्ष्मी के घर में भी चोरी हुई. घटना के समय परिवार यूएस में था. फिलहाल, नितिन जैन ने पुलिस में शिकायत की है.