scorecardresearch
 

CM योगी का अखिलेश यादव को चैलेंज, बोले- हिम्मत है तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर खुलकर बोलें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बीच बयानबाजी का सिलसिला जारी है. योगी ने श्री कृष्ण जन्मभूमि को लेकर अखिलेश को चुनौती दी और उनके एजेंडे पर सवाल उठाए. वहीं, अखिलेश ने सनातन धर्म की रक्षा की बात करते हुए बीजेपी सरकार पर कई आरोप लगाए.

Advertisement
X
सीएम योगी ने अखिलेश यादव के एजेंडे पर सवाल उठाया. (Photo- PTI)
सीएम योगी ने अखिलेश यादव के एजेंडे पर सवाल उठाया. (Photo- PTI)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. इस बीच हाथरस पहुंचे सीएम योगी ने श्री कृष्ण जन्मभूमि को लेकर उनपर हमला बोला है. वहीं, अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है.

हाथरस में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अखिलेश यादव को सीधे चुनौती दी. उन्होंने कहा, 'अगर अखिलेश यादव में हिम्मत है, तो वो श्री कृष्ण जन्मभूमि पर खुलकर बोलें.' 

सीएम योगी ने आगे कहा, 'अखिलेश जी, आप अयोध्या की चिंता मत करिए, पश्चाताप करिए. एक बार प्रभु श्री रामलला का दर्शन कर लीजिए. कम से कम इसी से सद्बुद्धि आएगी... आइए, खुलकर बोलिए कि श्री राम जन्मभूमि मुक्ति के आंदोलन की तर्ज पर ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का भी अभियान चलना चाहिए.'

'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे'

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव में ऐसा कहने की हिम्मत बिल्कुल नहीं है. उनके पास मुल्ला और मौलवियों के सामने घुटने टेकने के सिवाय कोई ऐसा एजेंडा नहीं है, जो उत्तर प्रदेश के विकास के लिए हो. योगी ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव इस समय 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे' की कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं.

Advertisement

आदित्यनाथ ने कहा, 'कृष्ण जन्मभूमि से जुड़ा एक कानूनी विवाद है. हिंदुओं का दावा है कि मथुरा में शाही ईदगाह मस्जिद भगवान कृष्ण की जन्मभूमि पर बने मंदिर को तोड़कर बनाई गई है. आप कहते हैं कि आपकी सरकार अयोध्या को धार्मिक शहर बनाएगी. आप कौन सा धार्मिक शहर बनाएंगे? अपना इतिहास देखिए. आपकी पार्टी की सरकार ने ही राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं.'

सनातन की आड़ में गोरखधंधा न हो: अखिलेश यादव

दूसरी तरफ, प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला. सनातन धर्म को लेकर अखिलेश ने कहा, 'समाजवादी लोग चाहते हैं कि सनातन धर्म की रक्षा हो, लेकिन सनातन धर्म की आड़ में कोई गोरखधंधा नहीं होना चाहिए.'

राम मंदिर के मुद्दे पर बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी ये मानती है कि जिन लोगों ने आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ किया है, उसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता था. मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मंदिर में चंदा घोटाले को लेकर बहुत सारे न्यूज चैनल भी सवाल पूछ रहे हैं. उन्होंने चिंता जताई कि कहीं इन सवालों के चक्कर में पेपर लीक का मुख्य मुद्दा न दब जाए.

मुकदमों और न्याय व्यवस्था पर उठाए सवाल

अयोध्या जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने बताया कि इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण हो रहा है. जब इस मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा, तब वो अयोध्या दर्शन करने जाएंगे. उन्होंने सीएम योगी पर सीधा निशाना साधते हुए पूछा कि वो कौन से मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने और अपने डिप्टी सीएम के ऊपर दर्ज मुकदमे वापस लिए हैं?

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'अब ताजिया के नाम पर किसी का छज्जा नहीं तोड़ा जाता', CM योगी बोले- 2017 से दंगा मुक्त है यूपी

अखिलेश ने कहा कि यूपी सरकार को समय-समय पर सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट से लताड़ मिली है और इस सरकार में न्याय मिलना बहुत मुश्किल है. अगर कोई पत्रकार सच्चाई दिखाता है, तो उस पर भी मुकदमा दर्ज हो जाता है. उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर वो 'वनस्पति' यानी गांजे का भी ऑडिट करवाएंगे.

वहीं, मथुरा के मंदिर में संत दिनेश फलाहारी के चोरी का आरोप लगाए जाने पर उन्होंने कहा कि असली संतों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है और उनकी बात नकली संतों तक नहीं पहुंच पा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement